Saturday , November 14 2026 8:10 AM
Home / Business & Tech / विरोध-प्रदर्शनों में मेकअप से चकमा खा जाएंगे AI कैमरे? ऋचा चड्ढा ने बताई तरकीब, समझें हकीकत

विरोध-प्रदर्शनों में मेकअप से चकमा खा जाएंगे AI कैमरे? ऋचा चड्ढा ने बताई तरकीब, समझें हकीकत


एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने एक वीडियो बनाकर दावा किया है कि विरोध प्रदर्शनों में AI से लैस फेस डिटेक्शन औऱ सर्विलांस कैमरों से बचने के लिए मेकअप का इस्तेमाल किया जा सकता है। उनका दावा है कि चेहरे की बनावट को बिगाड़कर कैमरों की पकड़ में आने से बचा सकते हैं। हालांकि यह पूरी तरह से सही नहीं है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने सर्विलांस से बचने के लिए इंटरनेट पर एक वीडियो शेयर की है। दरअसल ऋचा ने प्रदर्शन में बिना सहमति रिकॉर्ड किए जाते समय फेस डिटेक्शन औऱ सर्विलांस तकनीक को चकमा देने के लिए खास मेकअप ट्यूटोरियल शेयर किया है। उनका दावा है कि अगर इस मेकअप के साथ प्रदर्शन में जाएं, तो AI से लैस फेशियल रिकॉग्निशन कैमरों से बचा जा सकता है।
ऐसे में टेक्नोलॉजी की दुनिया में यह बहस शुरू हो गई है कि क्या सिर्फ मेकअप या चेहरे पर खास पैटर्न बना लेने से आधुनिक एआई-संचालित कैमरों को धोखा दिया जा सकता है?
ऋचा चड्ढा ने अपने वीडियो में जिस खास तरह के मेकअप की बात की है उसे टेक्निकल भाषा में कंप्यूटर विजन डैजल या सीवी डैजल (CV Dazzle) कहा जाता है। इस तकनीक को विश्वयुद्ध में जहाजों को छिपाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
इस मेकअप के जरिए चेहरे की सामान्य बनावट जैसे आंखों की स्थिति, नाक का उभार, और गालों की हड्डियों आदि को बिगाड़ना होता है। ऐसा दावा है कि अगर चेहरा किसी आम इंसान के चेहरे जैसा न दिखे, तो कंप्यूटर विजन एल्गोरिदम उसे पहचान पाने में असफल हो सकता है।
फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम कैसे करता है काम? – ऋचा चड्ढा के दावों में कितना दम है इसे समझने के लिए पहले समझना जरूरी है कि आखिर फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम काम कैसे करता है? दरअसल आधुनिक फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम चेहरे के चार मुख्य बिंदुओं जिन्हें नोडल पॉइंट्स कहा जाता है को माप कर काम करता है।
किसी भी आम चेहरे पर ऐसे 80 बिंदु होते हैं। इसमें आंखों के बीच की दूरी, नाक की चौड़ाई, जबड़े की बनावट और गालों की हड्डी की गहराई शामिल होती है। AI इन नोडल पॉइंट्स के आधार पर एक कोड तैयार करता है और इसे फेसप्रिंट कहा जाता है।
इस फेसप्रिंट को AI अपने पास मौजूद डेटाबेस से मिलाकर देखता है, जिससे किसी की पहचान हो पाती है।​
क्या मेकअप से AI धोखा खा सकता है? – शुरुआती फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम 2D इमेज के आधार पर काम करते थे और उन्हें मेकअप से धोखा देना आसान था। चेहरे पर नकली आंखें, नाक आदि बनाकर चेहरे की बनावट बिगाड़ने से पुराने AI मॉडल धोखा खा सकते थे कि उन्होंने इंसान का चेहरा देखा ही नहीं है।
एडवांस AI को चकमा देना आसान नहीं – आज के एडवांस AI और सुरक्षा एजेंसियों और सार्वजनिक निगरानी में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम को सिर्फ मेकअप से धाखो नहीं दिया जा सकता। ये सिस्टम अब चेहरा पहचानने के लिए डीप लर्निंग, 3डी मैपिंग और इन्फ्रारेड सेंसर्स का इस्तेमाल करते हैं।
इसके लिए 3D सेंसर चेहरे की बनावट की जगह हड्डियों की ज्यामिति, त्वचा की गहराई आदि को मापता है। इतना ही नहीं एडवांस AI चेहरा ढके होने के बावजूद सिर्फ आंखों या चेहरे के खास हिस्से के आधार पर सटीक पहचान करने में भी सक्षम है।
ऐसे में आधुनिक सर्विलांस कैमरों और इन्फ्रास्ट्रक्चर को मेकअप के आधार पर धोखा दे पाना बिल्कुल आसान नहीं है।