
हमारी जबान से लॉकडाउन शब्द भले ही गायब हो गया हो, लेकिन यह चीन में अब भी जिंदा है। चीन के 1-2 नहीं बल्कि 152 शहर अब भी लॉकडाउन झेल रहे हैं। लोगों का गुस्सा ज्यादा न भड़के, इसके लिए चीनी अधिकारी लॉकडाउन को अलग-अलग शब्दों से भी नवाज रहे हैं। इनमें से अधिकतर शहरों में रात का लॉकडाउन है। शी जिनपिंग ने तो चीनी कम्युनिस्ट पार्टी कांग्रेस में अपने भाषण के दौरान जीरो कोविड पॉलिसी की सख्ती का संदेश भी दिया था। ऐसे में अंदेशा है कि चीनी नागरिकों को फिलहाल इस जुल्मी तानाशाही से मुक्ति नहीं मिलने वाली है। इस साल शियान और उसके बाद शंघाई में लॉकडाउन ने तो पूरी दुनिया में सुर्खियां बटोरी थीं। इन दोनों शहरों में दो-दो महीने से ज्यादा समय तक लोगों को घरों के अंदर बंद रखा गया। जरूरी काम से भी बाहर निकलने पर पाबंदियां लगाई गई थीं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website