
काहिराः मिस्र के उत्तरी प्रांत सोहाग में 7000 साल पुराने शहर व कब्रिस्तान की खोज की गई है, जो संभवतः यहां राज करने वाले पहले राजवंश की निशानी है। इस बारे में बुधवार को मिस्र के पुरातत्व मंत्रालय ने जानकारी दी। पुरातत्वविदों को खुदाई में झोपड़ियां, लोहे के हथियार, बर्तन के साथ ही पंद्रह बड़ी कब्रें (पिरामिड) भी मिली हैं।
नील नदी के पार मौजूदा शहर लक्सर से लगता ये शहर मशहूर सेती मंदिर के करीब है।जानकारों का कहना है कि विशाल कब्रों की खोज से पता चलता है कि दफन किए गए लोगों की सामाजिक हैसियत क्या रही होगी। माना जाता है कि यह शहर प्रमुख अधिकारियों और मकबरा बनाने वालों का घर था। अनुमान लगाया जा रहा है कि ये शहर प्राचीन मिस्र के शुरुआती दौर में आबाद रहा होगा।
इस खोज को मिस्र के बीमार पर्यटन उद्योग के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है, जो 2011 में तानाशाह होस्नी मुबारक के अपदस्थ किए जाने के बाद से लगातार गिरावट को देख रहा है। तथापि यह अब भी विदेशी मुद्रा का अच्छा स्रोत है। मिस्र के विशाल पिरामिड दुनिया भर में विख्यात हैं। इन पिरामिडों में ऐतिहासिक दौर के प्रमुख लोगों के शवों को खास तेल और मसालों की मदद से रखा गया है। दुनिया भर से पर्यटक इन्हें देखने के लिए यहां आते हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website