Friday , August 8 2025 12:36 PM
Home / News / खालिस्तानी पन्नू विवाद में कूदा चीन, भारत के खिलाफ अमेरिका का किया समर्थन, दिया कानून का ज्ञान

खालिस्तानी पन्नू विवाद में कूदा चीन, भारत के खिलाफ अमेरिका का किया समर्थन, दिया कानून का ज्ञान


चीन ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह की हत्या का साजिश के मामले में बयान दिया है। चीन ने भारत पर निशाना साधते हुए कहा है कि किसी को भी अंतरराष्ट्रीय संबंधों के खिलाफ नहीं जाना चाहिए, कानूनों का सम्मान किया जाना चाहिए। चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, चीन ने अमेरिका के उस कथित आरोप पर गौर किया कि भारत ने एक अमेरिकी सिख नेता की हत्या के लिए भाड़े के बदले हत्या की साजिश रची थी। हमें उम्मीद है कि संबंधित देश अंतरराष्ट्रीय कानून और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नियंत्रित करने वाले बुनियादी मानदंडों का पालन करेंगे।
बीते साल भारतीय अधिकारियों पर अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह की हत्या की कोशिश करने के आरोप लगे थे। दावा किया था कि अमेरिका ने गुरपतवंत सिंह की हत्या की साज़िश को नाकाम किया था। अमेरिका ने इस साजिश में भारत के कुछ अफसरों के शामिल होने से जुड़ी चिंताओं को उठाया था, जिसके बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने मामले में जांच की बात भी कही थी। दोनों देशों के बीच के इस मुद्दे में अब चीन भी कूद गया है और अमेरिका की भाषा में बात करते हुए भारत पर निशाना साधने की कोशिश की है।
अमेरिका ने बार-बार उठाया है ये मुद्दा – पंजाब के अमृतसर के पास के एक गांव खानको टमें पैदा हुआ गुरपतवंत सिंह पन्नू अमेरिकी वकील है। पंजाब यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई करने के बाद पन्नू अमेरिका चला गया था। वह कनाडा और अमेरिका में खालिस्तान समर्थक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से देखा जाता है। पन्नू के पास अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता है। गुरपतवंत सिंह पन्नू को भारत ने साल 2020 में आतंकवादी’ घोषित किया था। दरअसल बीते साल जून में कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। निज्जर हत्याकांड में कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत का हाथ होने का आरोप लगाया था। इसके बाद अमेरिका में पन्नू की हत्या की साजिश रचने के लिए भारत पर उंगली उठाई गई।