
आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए सही खानपान और अच्छी आदतों को अपनाना जरूरी है। हरी सब्जियां, संतरे जैसे फल, बीज और मछली से भरपूर रंग-बिरंगी चीजों का सेवन करने से आपको फायदा हो सकता है।
आपकी आंखें शरीर के सबसे जरूरी अंगों में से एक हैं। भले ही आपकी आंखें बिल्कुल ठीक लगें, हो सकता है कि कोई बीमारी चुपचाप अंदर ही अंदर बढ़ रही हो क्योंकि कई बार आंखों की बीमारियों के कोई लक्षण नहीं दिखते।
आंखों को स्वस्थ रखने के उपाय क्या हैं? न्यूट्रिशनिस्ट और योग ट्रेनर तान्या खन्ना के अनुसार, यह बहुत जरूरी है कि आप कुछ आसान आदतें अपनाएं और अपनी आंखों की सेहत को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए सही पोषण लें।
तान्या के अनुसार, आजकल स्क्रीन पर समय बहुत ज्यादा बिताया जा रहा है। इसके कारण लोगों को सूखी आंखें, धुंधला दिखना और आंखों में थकावट जैसी समस्याएं हो रही हैं। लेकिन अच्छी बात यह है कि सही खानपान से आंखों को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है।
ओमेगा-3 फैटी एसिड्स – यह मछली जैसे सालमन, मैकेरल और सार्डीन में पाए जाते हैं। यह सूखी आंखों में राहत देते हैं और रेटिना को सपोर्ट करते हैं। वेजिटेरियन विकल्पों में अलसी के बीज, चिया सीड्स और अखरोट आते हैं।
विटामिन E और जिंक – यह आंखों की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से बचाता है। बादाम, सूरजमुखी के बीज और एवोकाडो इसके अच्छे स्रोत हैं। जिंक शरीर में विटामिन A को आंखों तक पहुंचाने में मदद करता है। यह तत्व कद्दू के बीज, चने और दुबले मांस में पाया जाता है।
विटामिन C – यह एक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट है जो आंखों को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से बचाता है। यह संतरे, शिमला मिर्च और अमरूद में पाया जाता है। विटामिन C कोलेजन बनाने में भी मदद करता है जो आंखों के लिए जरूरी है।
ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन – ये दोनों तत्व रेटिना (आंख की अंदरूनी परत) में पाए जाते हैं और सूरज की तेज़ रोशनी और नीली लाइट से आंखों को बचाते हैं। पालक, मक्का और अंडे की ज़र्दी इसके अच्छे स्रोत हैं।
विटामिन A और बीटा-कैरोटीन – तान्या बताती हैं कि विटामिन A आंखों की सबसे बाहरी परत यानी कॉर्निया को स्वस्थ रखने में मदद करता है। बीटा-कैरोटीन शरीर में जाकर विटामिन A में बदल जाता है। यह गाजर, शकरकंद और कद्दू जैसे रंग-बिरंगे सब्ज़ियों में पाया जाता है। इसकी कमी से रात में दिखना कम हो सकता है और आंखें सूखने लगती हैं।
आंखों की सेहत के लिए आसान आदतें – 20-20-20 रूल अपनाएं- हर 20 मिनट में 20 फीट दूर किसी चीज को 20 सेकंड तक देखें।
पर्याप्त पानी पिएं- शरीर में पानी की कमी से आंखें सूख सकती हैं।
नियमित आंखों की जांच कराएं- आंखों में दिक्कत न हो तब भी समय-समय पर जांच जरूरी है।
सोने से पहले स्क्रीन से दूरी बनाएं- रात में मोबाइल या लैपटॉप का ज़्यादा इस्तेमाल नींद और आंखों की सेहत को नुकसान पहुंचाता है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website