Sunday , December 21 2025 8:31 PM
Home / News / ऑटोमन साम्राज्य का सपना देख रहे तुर्की के खलीफा एर्दोगन? इस्लाम के सहारे बाल्कन को अस्थिर करने कोशिश, यूरोप से आई चेतावनी

ऑटोमन साम्राज्य का सपना देख रहे तुर्की के खलीफा एर्दोगन? इस्लाम के सहारे बाल्कन को अस्थिर करने कोशिश, यूरोप से आई चेतावनी


तुर्की और सर्बिया के बीच काफी जटिल संबंध हैं। दोनों के बीच हालांकि गहरे आर्थिक सहयोग भी हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच काफी तनाव भी रहता है। दिलचस्प बात ये है कि तुर्की, कोसोवो से अच्छे संबंध रखता है, जिसपर सर्बिया अपना संप्रभु अधिकार रखने का दावा करता है।
यूरोपीय देश सर्बिया ने चेतावनी देते हुए कहा है कि तुर्की, ऑटोमन साम्राज्य फिर बहाल करने के सपने देख रहा है। सर्बिया ने तुर्की पर बाल्कन को अस्थिर करने का आरोप लगाया है। सर्बिया का ये आरोप उस वक्त आया है जब तुर्की ने उसके दुश्मन कोसोवो को कामिकेज ड्रोन की सप्लाई की है। हालांकि कई ऑब्जर्वर्स सर्बिया के आरोपों को पाखंड बता रहे हैं, क्योंकि उसने हाल ही में तुर्की के दुश्मन साइप्रस को हथियार भेजे हैं। तुर्की और सर्बिया के आमने-सामने आने से बाल्कन का तापमान काफी बढ़ गया है।
दरअसल, 8 अक्टूबर को सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्सांद्र वुसिक ने तुर्की पर अंतरराष्ट्रीय कानून को तोड़ने और कोसोवो को हथियार देकर पश्चिमी बाल्कन में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “मैं तुर्की के व्यवहार, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1244 के क्रूर उल्लंघन, और प्रिस्टिना (कोसोवो की राजधानी) के अधिकारियों को लगातार हथियार दिए जाने से डरा हुआ हूं।” उन्होंने आगे कहा कि “अब यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि तुर्की, पश्चिमी बाल्कन में स्थिरता नहीं चाहता और एक बार फिर ओटोमन साम्राज्य की बहाली का सपना देख रहा है। सर्बिया एक छोटा देश है, लेकिन हम संदेश को अच्छी तरह समझ गए हैं!”
ऑटोमन साम्राज्य का सपना देख रहे एर्दोगन? – आपको बता दें कि तुर्की और सर्बिया के बीच काफी जटिल संबंध हैं। दोनों के बीच हालांकि गहरे आर्थिक सहयोग भी हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच काफी तनाव भी रहता है। दिलचस्प बात ये है कि तुर्की, कोसोवो से अच्छे संबंध रखता है, जिसपर सर्बिया अपना संप्रभु अधिकार रखने का दावा करता है। जबकि दूसरी तरह सर्बिया, तुर्की के दुश्मन साइप्रस से भी अच्छे संबंध रखता है और उसे हथियार देता है। तुर्की, कोसोवो के साथ घनिष्ठ संबंध रखता है और 2008 में इसकी स्वतंत्रता को मान्यता देने वाले पहले देशों में से एक था।