
ऑस्ट्रेलिया के जंगल में पिछले दो महीने से आग लगी है। इसका असर न्यूजीलैंड के फ्रांज जोसेफ ग्लेशियर पर भी देखा गया है। जो तस्वीरें सामने आई हैं। उनमें इसका रंग सफेद से पीला हो गया है।
न्यूजीलैंड के मौसम विभाग के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में लगी आग का धुआं दो हजार किमी दूर से यहां पहुंचा है। यहां के कुछ इलाकों में गुरुवार को आसमान पीला देखा गया। धुआं 31 दिसंबर को न्यूजीलैंड पहुंचा था। अल्पाइन गाइड्स कंपनी के गाइड आर्थ मेकब्राइड ने बताया कि मंगलवार से स्थिति बेहद खराब हो गई। ग्लेशियर घूमने आने वाले पर्यटक भी हैरान हैं। यहां हवा में लकड़ी के धुएं की स्मेल महसूस की जा सकती है।
ऑस्ट्रेलिया में आग से अब तक 18 लोगों की मौत
दक्षिण पूर्व ऑस्ट्रेलिया के जंगल में लगी आग नए इलाकों में फैल गई। इसके चलते 5 और लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस सीजन में कुल 18 मौतें हो चुकी हैं, जबकि 4 लोग लापता हैं। बचावकार्य जारी है। इस सप्ताह आग से बेटमैन्स बे, कोबार्गो और नाउरा इलाके सर्वाधिक प्रभावित हुए। लोग आग से बचने के लिए समुद्री तटों पर शरण ले रहे हैं।
8159 लोगों को रेस्क्यू किया गया
अधिकारियों ने बताया कि आग से अब तक 916 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। 363 घरों को नुकसान पहुंचा है, जबकि प्रभावित क्षेत्रों से 8159 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। प्रभावित क्षेत्रों में धुआं फैलने से नुकसान का सही आकलन करने में भी कठिनाई हो रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website