Tuesday , December 23 2025 2:20 PM
Home / News / चीन ने फिर बढ़ाई भारत समेत कई देशों की टेंशन, महामारी के बीच अपना रक्षा बजट बढ़ाया

चीन ने फिर बढ़ाई भारत समेत कई देशों की टेंशन, महामारी के बीच अपना रक्षा बजट बढ़ाया


चीन ने अपना रक्षा बजट बढ़ाकर 179 अरब डॉलर कर दिया। अमेरिका के बाद सबसे अधिक सैन्य खर्च करने वाला चीन दुनिया का दूसरा देश है। चीन का रक्षा बजट भारत के मुकाबले तीन गुना है। पिछले साल चीन का रक्षा बजट 177.6 अरब डॉलर था। चीन के भारी रक्षा व्यय के चलते भारत और कई अन्य देशों को अपना रक्षा व्यय बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है, ताकि शक्ति संतुलन कायम रखा जा सके। इंडियन इंस्टीट्यूट फॉर डिफेंस एंड एनालिसिस (आईडीएसए) के अनुसार भारत का रक्षा बजट 2020 में 66.9 अरब अमेरिकी डॉलर था। इस तरह चीन का ताजा रक्षा बजट भारत के मुकाबले 2.7 गुना अधिक है।
दुनिया की सबसे बड़ी सेनाः
देश की शीर्ष विधायिका नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) में शुक्रवार को पेश मसौदा बजट रपट के अनुसार, 2020 में चीन के रक्षा बजट की वृद्धि दर 6.6 प्रतिशत रहेगी। 20 लाख सैनिकों के साथ चीन की सेना दुनिया की सबसे बड़ी सेना है। एनपीसी को सौंपे गए मसौदा रक्षा बजट के अनुसार, इस साल चीन का रक्षा बजट 1,270 अरब युआन (करीब 179 अरब डॉलर) का होगा। रपट के मुताबिक, 2019 में चीन का कुल रक्षा व्यय अमेरिका के मुकाबले एक चौथाई था, जबकि प्रति व्यक्ति रक्षा व्यय अमेरिका के 17वें हिस्से के बराबर था। एनपीसी के प्रवक्ता झांग युसुई ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान चीन के रक्षा बजट में पारदर्शिता का अभाव होने की बात से इनकार किया।
रक्षा विश्लेषकों का कहना है कि बीजिंग के सैन्य और आधुनिक हथियारों का विस्तार उसकी घोषणाओं के मुकाबले बहुत अधिक है। झांग ने कहा कि चीन का कोई ‘‘छिपा हुआ सैन्य खर्च” नहीं है। चीन 2007 से हर साल संयुक्त राष्ट्र को अपने सैन्य खर्चों की रपट देता रहा है। पैसे कहां से आते हैं, उन्हें कहां खर्च किया जाता है, सभी बातों का लेखाजोखा है।