Tuesday , February 10 2026 10:42 AM
Home / Sports / सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या : सचिन तेंडुलकर और विराट कोहली बोले- सुनकर हैरान हैं

सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या : सचिन तेंडुलकर और विराट कोहली बोले- सुनकर हैरान हैं


बॉलिवुड के नामी ऐक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) ने आत्महत्या कर ली। सुशांत को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर पर फांसी से लटका पाया गया। इस बीच देश भर में उनकी मौत की खबर सुनकर लोग हैरान हैं। खेल जगत की कई हस्तियों ने भी सुशांत सिंह की मौत पर शोक व्यक्त किया है। सचिन तेंडुलकर (Sachin Tendulkar) और टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने भी 34 वर्षीय इस ऐक्टर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने लिखा कि वह सुशांत की मौत की खबर सुनकर हैरान हैं।
मास्टर ब्लास्टर ने अपने शोक संदेश में लिखा, ‘सुशांत सिंह राजपूत के जाने की खबर सुनकर हैरान और दुखी हूं। वह सचमुच युवा और प्रतिभाशाली ऐक्टर थे। उनके परिजनों और मित्रों के प्रति मेरी संवदेनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी इस दुखभरी घटना पर अफसोस जताते हुए लिखा, ‘सुशांत सिंह राजपूत के बारे में सुनकर हैरान हूं। इस यकीन करना बहुत मुश्किल है। उनकी आत्मा को शांति मिले और भगवान उनके परिवार और दोस्तों को यह दुख सहने की शक्ति दे।’
बॉलिवुड में सुशांत सिंह राजपूत को ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ मूवी ने एक अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया था। इस फिल्म में इस कलाकार ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के किरदार को बड़े पर्दे पर जिया। धोनी के जीवन पर बनी यह फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी। भारत को अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप और वनडे वर्ल्ड दिलाने वाले धोनी के जीवन के संघर्ष पर यह फिल्म आधारित थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुशांत के घर में काम करने वाले नौकर ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चला है लेकिन इस खबर ने सभी को सकते में डाल दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।