
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान ‘स्टेरॉयड पर मानसून’ का सामना कर रहा है क्योंकि सरकार ने अगले 24 घंटों के लिए और बाढ़ की चेतावनी जारी की है। मीडिया रिपोर्टों में यह जानकारी दी गई है। द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, दो महीनों में हुई भारी बारिश की वजह से पाकिस्तान एक दशक से अधिक समय में सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है और देश में दस लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, गुटेरेस ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण एशिया जलवायु संकट के लिए एक हॉटस्पॉट है।
संयुक्त राष्ट्र ने सहायता प्रदान करने के लिए 16 करोड़ डॉलर की तत्काल सहायता जारी की है। गुटेरेस ने कहा, ‘इन (जलवायु संकट) हॉटस्पॉट्स में रहने वाले लोगों के जलवायु प्रभावों से मरने की संभावना 15 गुना अधिक है।’ पाकिस्तान में, बलूचिस्तान और सिंध प्रांतों में पिछले तीन दशकों की औसत वर्षा चार गुना से अधिक हुई है। अधिकारियों ने कहा है कि जलवायु संकट के कारण आई अचानक बाढ़ ने 3.3 करोड़ से अधिक लोगों को प्रभावित किया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website