
चीन और अमेरिका के बीच प्रतिद्वंदिता किसी से छिपी हुई नहीं है। दोनों देश ताइवान, दक्षिण चीन सागर, तिब्बत, उइगर मुस्लिम जैसे अनेक मुद्दों पर एक दूसरे से उलझे हुए हैं। खुद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनके पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप चीन को रूस से बड़ा दुश्मन करार दे चुके हैं। चीन भी काफी आक्रामकता के साथ पड़ोसी देशों की जमीन हड़पने में जुटा है। चीन का पश्चिम में भारत के साथ सीमा विवाद है, दक्षिण में वियतनाम के साथ भी कुछ ऐसे ही हालात हैं। उत्तर में मंगोलिया कमजोर पड़ने के कारण सीमा विवाद के बावजूद कुछ नहीं बोलता है। पूर्व में ताइवान के साथ चीन के संबंध तो पूरी दुनिया जानती है। हाल में ही अमेरिकी हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद दोनों पक्ष युद्ध के कगार पर आ गए थे। इसके तुरंत बाद अमेरिका ने अपनी नौसैना को तैनात कर चीन को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। ऐसे में जानिए कि चीन के कौन-कौन से हथियार अमेरिका के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।
चीन के पास दुनिया की सबसे ताकतवर रेल गन है। इस रेल गन के जरिए 2.5 किलोमीटर प्रति सेकेंड की स्पीड से 200 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद लक्ष्य को निशाना बनाया जा सकता है। चीन ने इस रेलगन को एक युद्धपोत के बुर्ज पर फिट किया है। ऐसे में इसे समुद्र में आसानी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जा सकता है। रेलगन से निकले गोले को रोकना आसान नहीं होता है। यह जमीन पर मार करने के अलावा दुश्मन देशों के युद्धपोतों को आसानी से तबाह कर सकता है। पिछले साल इस रेलगन की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया में लीक हुई थी। इनमें यह रेलगन समुद्री परीक्षण से गुजरता हुआ नजर आया था। इस रेलगन के 2025 तक चीनी नौसेना में पूर्ण रूप से शामिल होने की उम्मीद है। अमेरिका, रूस और ईरान भी रेलगन के निर्माण पर काम कर रहे हैं। अमेरिका ने भी जमीन पर आधारित रेलगन का ट्रायल किया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website