
भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में साल 2022 में आतंकवादी हमलों में 2021 की तुलना में 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। सोमवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में यह जानकारी साझा की गई है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लक्टि एंड सिक्योरिटी स्टडीज (पीआईसीएसएस) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादियों ने पिछले साल 376 आतंकी हमले किए, जिसमें 533 लोग मारे गए और 832 अन्य लोग घायल हुए।
रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2022 के दौरान हुए हमले भी पिछले पांच वर्षों के दौरान सबसे अधिक आतंकवादी हमले हैं। साल 2017 के बाद यह पहली बार है कि देश ने एक साल में 300 से अधिक आतंकवादी हमलों का सामना किया है और 2018 के बाद पहली बार 500 से अधिक लोगों की मौत हुई है। साल 2022 के आखिरी महीने में देश में पिछले साल कुल हमलों का 44 प्रतिशत देखा गया। दिसंबर 2022 में बलूचिस्तान में 88 प्रतिशत और खैबर पख्तूनख्वा में 54 प्रतिशत आतंकी हमलों में बढ़ोतरी हुई है।
दिसंबर में हुए 49 हमले -दिसंबर में आतंकियों ने 49 हमले किए और 32 सुरक्षाकर्मियों समेत 56 लोगों की जान ली। रिपोर्ट में कहा गया है कि आतंकी हमलों के जवाब में सुरक्षाबलों ने दिसंबर में 16 अभियान चलाए और 39 आतंकवादियों को मार गिराया और 47 अन्य को गिरफ्तार किया। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने अधिकांश हमलों का दावा किया, जिसने पाकिस्तानी सरकार के साथ-साथ सुरक्षाबलों के सामने गंभीर चुनौतियां पेश कीं।
पाकिस्तानी सरकार को आतंकियों की चुनौती – तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान सीधे तौर पर पाकिस्तान की सरकार को चेतावनी दे रहा है। TTP ने हाल ही में पाकिस्तान में अपनी नई सरकार के गठन की घोषणा की है। इसके साथ ही कई मंत्रालयों का बंटवारा किया है। TTP ने रक्षा, न्याय, सूचना, आर्थिक मामले, एजुकेशन और फतवा इनफॉर्मेशन का मंत्राल बनाया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website