Friday , August 8 2025 4:27 PM
Home / News / स्वीडन में धार्मिक किताब जलाए जाने से डर का माहौल, हाई लेवल पर आतंकवादी हमले का अलर्ट

स्वीडन में धार्मिक किताब जलाए जाने से डर का माहौल, हाई लेवल पर आतंकवादी हमले का अलर्ट


स्वीडन ने गुरुवार को देश में आतंकवादी खतरे के स्तर को बढ़ाकर दूसरे उच्चतम स्तर पर कर दिया। देश में हाल में कुछ इस्लाम विरोधी कार्यकर्ताओं द्वारा कुरान की प्रतियां जलाये जाने की घटना के बाद आतंकवादी खतरे के स्तर को एक पायदान बढ़ाकर दूसरे उच्चतम स्तर पर कर दिया है। स्वीडन की घरेलू सुरक्षा सेवा ‘एसएपीओ’ ने कहा कि समग्र सुरक्षा स्थिति खराब हो गई है और देश में आतंकवाद के खतरे का स्तर इस समय चार पर है और इसे एक स्तर बढ़ा दिया गया है।
स्वीडन ने हाल में कुरान की प्रतियां जलाये जाने की घटना के बाद विदेशों में रह रहे अपने नागरिकों से सतर्क रहने को कहा था। पुलिस ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला देते हुए कुछ प्रदर्शनकारियों को विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी है। कई पश्चिमी देशों की तरह, स्वीडन में कोई ईशनिंदा कानून नहीं है जिसके तहत धार्मिक ग्रंथों को जलाने पर रोक हो। अधिकारियों ने बताया कि स्वीडन ने सीमाओं और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है।
स्वीडन में क्यों जलाया जा रहा कुरान – स्वीडन में कुरान या अन्य धार्मिक ग्रंथों को जलाने या अपवित्र करने पर रोक लगाने वाला कोई कानून नहीं है। सार्वजनिक प्रदर्शन आयोजित करने का अधिकार स्वीडिश संविधान में सबसे मूल्यवान माना गया है। स्वीडन की पुलिस किसी भी विरोध प्रदर्शन के लिए आम तौर पर इस आधार पर अनुमति देती है कि क्या उनका मानना है कि सार्वजनिक सभा बिना किसी बड़े व्यवधान या सार्वजनिक सुरक्षा के जोखिम के आयोजित की जा सकती है। अगर कोई खतरा नहीं दिखता है तो पुलिस को अनुमति देनी पड़ती है।