Friday , August 8 2025 3:42 PM
Home / News / रूस की यात्रा पूरी करके किम जोंग उन अपनी निजी ट्रेन से स्वदेश रवाना

रूस की यात्रा पूरी करके किम जोंग उन अपनी निजी ट्रेन से स्वदेश रवाना


उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन रूस की छह दिन की यात्रा के बाद रविवार को स्वदेश रवाना हो गए हैं। किम ने रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र का दौरा किया। उनकी इस यात्रा को लेकर पश्चिमी देशों ने चिंता जाहिर की थी। विशेषज्ञों का मानना है कि यूक्रेन के खिलाफ रूस के हमले के बीच मॉस्को को उत्तर कोरिया से हथियार मिल सकते हैं, जिससे युद्ध में तेजी आ सकती है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए’ ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि किम को आर्त्योम में एक रेलवे स्टेशन पर विदाई दी गई इसके बाद उनकी बख्तरबंद ट्रेन रूसी देशभक्ति गीत ‘फेयरवले ऑफ स्लावियांका’ की धुन के बीच उत्तर कोरिया के लिए रवाना हो गई। समारोह में रूस के प्राकृतिक संसाधन मंत्री एलेक्जेंडर कोजलोव और प्रिमोर्ये क्षेत्रीय गवर्नर ओलेग कोझेमयाको सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। किम अपनी बख्तरबंद ट्रेन से मंगलवार को रूस पहुंचे थे।
उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकत की थी और हथियारों और प्रौद्योगिकी से जुड़े कई स्थलों का दौरा किया। किम जोंग ने रविवार को एक विश्वविद्यालय का दौरा किया और और एक मछलीघर में शो भी देखा। रूस के सरकारी मीडिया ने एक वीडियो जारी किया जिसमें किम जोंग काला सूट पहने और अपने शीर्ष अधिकारियों के साथ रस्की द्वीप पर ‘फार ईस्टर्न फेडरल यूनिवर्सिटी’ में रूसी अधिकारियों से बात करते नजर आए। रूसी मीडिया के अनुसार किम ने द्वीप के प्रिमोर्स्की एक्वेरियम में बेलुगा व्हेल, बॉटलनोज डॉल्फिन, फर सील और वालरस को देखा। खबर के मुताबिक यात्रा के दौरान किम को परमाणु हमला करने में सक्षम बम वर्षक विमान, हाइपरसोनिक मिसाइल और रूस के प्रशांत बेड़े में शामिल उन्नत युद्धपोत दिखाए गए।
अमेरिका और उसके सहयोगियों की चिंता है कि किम यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बीच मॉस्को को हथियार मुहैया करा सकते हैं और बदले में उत्तर कोरिया को रूस से उन्नत प्रौद्योगिकी मिल सकती है। रूस के प्रिमोर्ये क्षेत्र के गवर्नर कोझेमयाको ने कहा कि रूस के ‘फार ईस्ट’ से एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर कोरिया जाएगा। रूस की सरकारी मीडिया ने कहा कि कोझेमयाको उस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे। उत्तर कोरिया की यात्रा के समय की घोषणा नहीं की गई है। किम शनिवार को व्लादिवोस्तोक शहर के बाहर स्थित हवाई अड्डे पहुंचे थे, जहां रूस के रक्षा मंत्री शोइगु और अन्य सैन्य अधिकारियों ने उन्हें परमाणु हमला करने में सक्षम बमवर्षक विमान और अन्य युद्धक विमान दिखाए थे।
किम को जो युद्धक विमान दिखाए गए, उनमें टीयू-160, टीयू-95 और टीयू-22 शामिल हैं। इन विमानों के जरिये यूक्रेन में लगातार क्रूज मिसाइलें गिराई जा रही हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, शोइगु ने किम को रूस की नवीनतम मिसाइल ‘हाइपरसोनिक किंझल’ भी दिखाई, जिसे मिग-31 लड़ाकू विमान के जरिये दागा जाता है। किम और शोइगु ने बाद में व्लादिवोस्तोक की यात्रा की, जहां उन्होंने रूस के प्रशांत बेड़े में शामिल युद्धपोत ‘एडमिरल शापोशनिकोव’ का निरीक्षण किया। रूस के नौसेना के कमांडर एडमिरल निकोलाई येवमेनोव ने किम को पोत की क्षमताओं और हथियारों के बारे में जानकारी दी।
इनमें लंबी दूरी की क्रूज मिसाइलें शामिल हैं। रूसी युद्धपोत यूक्रेन पर इन मिसाइलों को नियमित रूप से दाग रहा है। किम अपनी बख्तरबंद ट्रेन से मंगलवार को रूस पहुंचे थे। उन्होंने हथियारों और प्रौद्योगिकी से जुड़े कई स्थलों का दौरा किया। रूस और उत्तर कोरिया पर पश्चिमी देशों ने कई प्रतिबंध लगाए हैं तथा उन्हें अलग-थलग कर दिया है। विशेषज्ञों का मनना है कि दोनों देश अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ा रहे हैं।