अमेरिका ने बुधवार को ईरान के बैलिस्टिम मिसाइल कार्यक्रम के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। इसके तहत मिसाइल कार्यक्रम का समर्थन करने के लिए 12 फर्मों और 6 लोगों पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिसमें कई चीनी नागरिक भी शामिल हैं। ट्रंप प्रशासन ने हाल के हफ्तों में ईरान के तेल उद्योग और परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी कई संस्थाओं और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। नए प्रतिबंधों का ऐलान ऐसे समय में हुआ है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मध्य पूर्व के चार दिवसीय दौरे पर हैं। इसके पहले उन्होंने मंगलवार को सऊदी अरब के साथ इतिहास का सबसे बड़ा हथियार सौदा किया था।
ईरान के मिसाइल कार्यक्रम को बताया खतरा – बुधवार के प्रतिबंधों का उद्येश्य उन संगठनों को निशाना बनाना है, जो तेहरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण सामग्रियों के निर्माण के लिए ईरानी शासन को घरेलू स्तर पर मदद करने के प्रयासों में शामिल हैं। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक बयान में कहा, अमेरिका ईरान को अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल विकसित करने की अनुमति नहीं दे सकता।
उन्होंने कहा कि मिसाइलों और घटकों का घरेलू स्तर पर उत्पादन करने का तेहरान का प्रयास अमेरिका और क्षेत्र की स्थिरता के लिए एक अस्वीकार्य खतरा दिखाता है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने परमाणु वार्ता का समर्थन करते हुए तेहरान के खिलाफ अधिकतम दबाव अभियान जारी रखा है। इसके एक दिन पहले ही अमेरिका ने चीन को ईरानी तेल की बिक्री पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की थी।
ट्रंप की ईरान को सीधी चेतावनी – हाल के हफ्तों में इसी तरह के कई प्रतिबंधों की घोषणा की गई है, उसी समय वॉशिंगटन और तेहरान ने परमाणु वार्ता को आगे बढ़ाया है। दोनों पक्षों ने बीते सप्ताह के आखिर में अप्रत्यक्ष वार्ता का अपना चौथा दौर आयोजित किया था। इस बीच मंगलवार को सऊदी अरब दौरे पर पहुंचे राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान की सीधी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा, ईरान को यह तय करने की जरूरत है कि वह परमाणु हथियार विकसित करके युद्ध करना चाहता है या शांति और व्यापारिक संबंध चुनना चाहता है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने शांति को अस्वीकार कर दिया तो हमारे पास परमाणु हथियार रखने से रोकने के लिए जरूरी कार्रवाई करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।
Home / News / ईरान के खिलाफ चला अमेरिका का डंडा, बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम के खिलाफ नए प्रतिबंधों का ऐलान, एक दिन पहले ही ट्रंप ने दी थी धमकी