Wednesday , August 6 2025 10:44 PM
Home / News / अनोखी खगोलीय घटना के लिए रहिए तैयार, सुपरमून पर होने जा रहा चंद्रग्रहण, आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा

अनोखी खगोलीय घटना के लिए रहिए तैयार, सुपरमून पर होने जा रहा चंद्रग्रहण, आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा


साल 2024 का दूसरा चंद्रग्रहण बस तीन दिन बाद आने वाले सप्ताह में होने जा रहा है। यह एक आंशिक चंद्रग्रहण होगा, जब पृथ्वी की छाया चंद्रमा के एक हिस्से पर पड़ेगी। सुपरमून के दौरान होने वाला यह चंद्रग्रहण दुनिया के बड़े हिस्से में दिखाई देगा। आइए इस ग्रहण के बारे में जानते हैं।
खगोलविदों और अंतरिक्ष में दिलचस्पी रखने वालों के लिए अगला सप्ताह बेहद ही रोमांचक होने जा रहा है। अंतरिक्ष में एक अद्भुत नजारा दिखाई देने वाला है। जी हां, साल का दूसरा चंद्रग्रहण होने में बस तीन दिन रह गए हैं। यह आंशिक चंद्रग्रहण होगा, जो 17-18 सितम्बर को सुपरमून के समय घटित होगा। चंद्रग्रहण एक खगोलीय घटना है, जो सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा के एक सीध में आने पर घटित होती है। इस दौरान पृथ्वी की छाया चंद्रमा के ऊपर पड़ती है, जिससे रात में एक रोमांचक नजारा होता है। आंशिक चंद्रग्रहण तब होता है जब पृथ्वी की छाया चंद्रमा के केवल हिस्से पर पड़ती है। इससे चंद्रमा की सतह का हिस्सा अंधेरे में चला जाता है।
भारतीय समयानुसार कब होगा चंद्रग्रहण? – भारतीय समय के अनुसार चंद्रग्रहण 18 सितम्बर 2024 को सुबह के समय होगा। हालांकि, यह चंद्रग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, क्योंकि यह दिन के समय हो रहा है। उस समय दुनिया के जिन हिस्सों में जहां रात हो रही होगी, चंद्रग्रहण को देखा जा सकेगा। भारतीय समयानुसार आंशिक चंद्रग्रहण सुबह 7:42 बजे से शुरू होगा और लगभग एक घंटे बाद 8:45 बजे खत्म होगा। ग्रहण का चरम क्षण 8:12 बजे सुबह होगा। उपछाया ग्रहण 6:11 बजे शुरू होगा और 10:17 बजे सुबह समाप्त होगा।
कहां नजर आएगा चंद्रग्रहण? – साल का दूसरा चंद्रग्रहण दुनिया के बड़े हिस्से में देखा जाएगा। इसे उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के अधिकांश हिस्सों में देखा जा सकेगा। इसके साथ ही अफ्रीका के हिस्से, पश्चिमी एशिया और रूस में आंशिक चंद्रग्रहण का नजारा होगा। अंटार्कटिका के कुछ हिस्सों में भी इस खगोलीय घटना का नजारा दिखाई देगा। इस तरह यह दुनिया के बड़े हिस्से में देखे जाने वाली घटना होने जा रही है।