
भले ही धोनी का जन्म बिहार (आज के झारखंड) में हुआ हो, लेकिन सभी जानते हैं कि उनका संबंध पहाड़ों से है। माही के पिता पान सिंह नौकरी के सिलसिले में उत्तराखंड से रांची जा बसे। तब से उनका पूरा परिवार वही का होकर रह गया। अब छुट्टियों में धोनी हिमाचल प्रदेश की सैर पर निकले हैं। इस दौरान उनके कई रंग भी देखने को मिल रहे, जो इंटरनेट पर जबरदस्त वायरल भी हो रहे हैं।
पहाड़ों की रानी शिमला पहुंचने पर धोनी ने मैहली स्थित हेवन होमस्टे में रात बिताई, इसके बाद अब धोनी शिमला के बाईपास रोड के कनलोग में ठहरे हुए हैं। इस दौरान पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी उनके साथ हैं। माही के फैंस को जैसे ही ये बात पता चली कि उनका पसंदीदा क्रिकेटर शिमला की वादियों में घूम रहा है, उनकी एक झलक पाने के लिए लोग बेताब हो उठे।
धोनी ने भी किसी को निराश नहीं किया। अपने फैंस के साथ फोटो खिंचवाई। इसी दौरान एक चाहने वाले ने उन्हें चार क्रिकेट बैट भेंट किए। धोनी ने खुद उन्हें जांचा और इसकी तारीफ भी की। ये बल्ले शिमला में ही बनाए गए हैं।
धोनी की राजदुलारी नन्हीं बिटिया जीवा के इंस्टाग्राम अकाउंट से भी कई तस्वीरें और वीडियोज अपलोड की गई है, जिसे हजारों लाइक्स और कमेंट्स मिल रहे हैं। साक्षी ने भी अपने अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर का मौजूदा आशियाना देखा जा सकता है।
कोरोना वायरस के लगातार मामलों के बाद आनन-फानन में आईपीएल का 14वां सीजन स्थगित कर दिया गया था। मगर अब इसके यूएई में दोबारा शुरू होने की खबर पर मुहर लग चुकी है। 19 सितंबर से शुरू होने वाले दूसरे राउंड में धोनी येलो जर्सी में फिर दहाड़ मारने नजर आएंगे। फिलहाल उनकी टीम चेन्नई सुपरकिंग्स सात में से पांच मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website