Friday , August 8 2025 7:01 PM
Home / News / चंद्रयान-3: पहले चैलेंज में खरा उतरा प्रज्ञान रोवर, चांद पर 100mm गहरे गड्ढे को क‍िया पार

चंद्रयान-3: पहले चैलेंज में खरा उतरा प्रज्ञान रोवर, चांद पर 100mm गहरे गड्ढे को क‍िया पार


चंद्रयान-3 का प्रज्ञान रोवर पहली चुनौती से निपटने में सफल रहा। उसके सामने चांद की सतह पर 100mm का क्रेटर (गड्ढा) आया। प्रज्ञान ने बड़ी सावधानी से उसे पार किया और ISRO कंट्रोल रूम में बैठे वैज्ञानिकों ने राहत की सांस ली। अभी प्रज्ञान रोवर को ऐसी कई चुनौतियों से निपटना है। हमारे सहयोगी ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ ने चंद्रयान-3 के प्रोजेक्‍ट डायरेक्‍टर, पी वीरमुथुवेल से खास बातचीत की। यह चांद पर लैंडर विक्रम की सटीक लैंडिंग और रोवर की तैनाती के बाद उनका पहला डीटेल्‍ड इंटरव्यू है। वीरमुथुवेल ने टीओआई को बताया कि अभी तक के साइंटिफिक एक्सपेरिमेंट्स से अच्छे नतीजों की उम्मीद का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा, ‘इसरो के सैकड़ों सहयोगियों के अथक प्रयास के बिना इसमें से कुछ भी संभव नहीं होता। खासतौर से नेविगेशन-गाइडेंस-एंड-कंट्रोल, प्रपल्शन, सेंसर्स और सभी मेनफ्रेम सबसिस्टम्स के सहयोगियों के बिना।’ वीरमुथुवेल ने कहा कि प्रज्ञान के मूवमेंट पूरी तरह ऑटोमेटिक नहीं थे। उन्होंने कहा कि उसके सामने कई चुनौतियां हैं जिनमें से हर एक को ग्राउंड टीमों की भागीदारी के साथ दूर करना होगा।
इस डेटा से डिजिटल एलिवेशन मॉडल (DEM) बनाया जाता है। फिर ग्राउंड और मैकेनिज्म टीम तय करती है कि कौन सा रास्ता लेना है और रोवर को फॉलो करने के लिए कमांड देता है।
वीरमुथुवेल ने कहा कि रोवर मूवमेंट की कुछ सीमाएं हैं। हर बार नेविगेशन कैमरा जो तस्वीर भेजता है, उनसे अधिकतम पांच मीटर तक का DEM बनाया जा सकता है।
इसका मतलब यह कि जब भी रोवर को चलने का कमांड दिया जाता है, तो वह अधिकतम पांच मीटर की दूरी ही तय कर सकता है।
वीरमुथुवेल ने बताया कि रोवर के सामने तमाम बाधाओं आदि की चुनौतियां हैं। उन्‍होंने कहा, ‘हम पहले क्रेटर को लेकर बहुत चिंतित थे, लेकिन उस बाधा को दूर कर लिया गया है।’
‘रोवर के हर मूवमेंट ऑपरेशन के बीच 5 घंटे का टर्नअराउंड टाइम’
इसरो पहले ही कई रोवर मूवमेंट कर चुका है। वीरमुथुवेल ने कहा कि ‘यह (प्रज्ञान) किसी बड़े रोवर जैसा नहीं है। सीमित संसाधनों के भीतर, हमने मिनिएचर सिस्टम स्थापित किए हैं जो अत्याधुनिक हैं। लेकिन कुछ सीमाएं हैं जैसे टेलीमेट्री और टेलीकम्युनिकेशंस की 24×7 अनुपलब्धता, सूर्य को लगातार ट्रैक करने की जरूरत और इसलिए, (रोवर के) हर मूवमेंट ऑपरेशन के बीच का समय लगभग 5 घंटे है।’