Friday , August 8 2025 4:11 PM
Home / News / चंद्रमा के पिछले हिस्से में पहली बार लगा चीन का झंडा, चांद से धरती के लिए उड़ा अंतरिक्ष यान, ला रहा 2 किग्रा मिट्टी

चंद्रमा के पिछले हिस्से में पहली बार लगा चीन का झंडा, चांद से धरती के लिए उड़ा अंतरिक्ष यान, ला रहा 2 किग्रा मिट्टी


चंद्रमा मिशन में चीन को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। चांग’ ई-6 अंतरिक्ष यान ने चंद्रमा के सुदूर हिस्से से चट्टानों के सैंपल लेकर उड़ान भरी है। लगभग दो किलोग्राम चट्टानी मिट्टी लेकर यह अंतरिक्ष यान आ रहा है। अभी यह अंतरिक्ष यान चंद्रमा की कक्षा में है और जल्द ही दूसरे अंतरिक्ष यान से जुड़ेगा।
चीन ने अंतरिक्ष में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। चीन का अंतरिक्ष यान चांग’ ई-6 चांद के सुदूर हिस्से में उतरने के बाद चट्टानों का नमूना लेकर धरती पर लौट रहा है। चीन की नेशनल स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (CNSA) ने मंगलवार को बताया कि चांग’ ई-6 ने चंद्रमा के सुदूर हिस्से से उड़ान भर ली है। अंतरिक्ष यान की उड़ान का मतलब है कि चीन चंद्रमा के सुदूर हिस्से से नमूने वापस लाने वाला पहला देश बनने के करीब है, जो स्थायी रूप से पृथ्वी से नहीं दिखता। चीन के स्थानीय समय के मुताबिक 7:38 बजे अंतरिक्ष यान चंद्रमा से रवाना हुआ। 2-3 जून तक इसने चंद्रमा की मिट्टी और चट्टानों के सैंपल लिए।
CNSA ने एक बयान में कहा, ‘चांग’ ई-6 चंद्रमा के सुदूर हिस्से पर उच्च तापमान के परीक्षण में खरा उतरा।’ इससे पहले चीन का चांग’ ई-5 मिशन ने चंद्रमा के निकटत हिस्से से नमूने हासिल किए थे। चांग’ ई-6 के सामने एक बड़ी तकनीकी चुनौती यह थी कि पृथ्वी के ग्राउंड स्टेशनों के साथ उसका सीधा संचार नहीं था। अंतरिक्ष यान का संचार अप्रैल में चांद की कक्षा में स्थापित किए गए क्यूकियाओ-2 सैटेलाइट पर निर्भर था। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक अंतरिक्ष यान ने चंद्रमा की सतह पर और नीचे मिट्टी खोदने के लिए एक ड्रिल रोबोटिक बांह का इस्तेमाल किया।
चांद के सुदूर हिस्से पर चीन का झंडा – बीजिंग डेली ने कहा कि चांग’ ई-6 ने नमूना लेने के बाद पहली बार चंद्रमा के सुदूर हिस्से पर चीन का झंडा लगाया। CNSA के मुताबिक अंतरिक्ष यान अभी चंद्रमा की कक्षा में है और वह एक दूसरे अंतरिक्ष यान के साथ जुड़ेगा। फिर नमूने को एक रिटर्न मॉड्यूल में ट्रांसफर किया जाएगा, जो 25 जून के आसपास चीन के इनर मंगोलिया क्षेत्र में लैंडिंग के साथ पृथ्वी पर वापस आएगा। चंद्रमा के सुदूर हिस्से के नमूने की वापसी पर दुनिया भर के वैज्ञानिकों की नजर है, जिन्हें उम्मीद है ति चांग’ई-6 की ओर से इकट्ठा की गई मिट्टी सौर मंडल की उत्पत्ति के बारे में सवालों के जवाब दे सकती है।