Wednesday , August 6 2025 1:39 AM
Home / News / ताइवान के करीब चीन का शक्ति प्रदर्शन, परमाणु पनडुब्बी का मिसाइल हैच खोलकर दिखाई ताकत

ताइवान के करीब चीन का शक्ति प्रदर्शन, परमाणु पनडुब्बी का मिसाइल हैच खोलकर दिखाई ताकत


चीन की परमाणु शक्ति संचालित मिसाइल टाइप 094 को खुले हुए मिसाइल हैच के साथ देखा गया है। ऐसा बहुत कम मौका होता है, जब मिसाइलों के हैच ऐसे खुले हुए नजर आते हैं। टाइप 094 पनडुब्बी अमेरिका तक हमला करने में सक्षम परमाणु मिसाइलों से लैस हैं। यह तस्वीर ताइवान के साथ बढ़ते तनाव के बीच आई है।
चीन की एक परमाणु पनडु्ब्बी खुले हुए मिसाइल हैच के साथ नजर आई है। यह पनडुब्बी परमाणु बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस है। बताया गया है कि खुले मिसाइल हैच वाली तस्वीर तब ली गई, जब यह पनडुब्बी विवादित दक्षिण चीन सागर के किनारे स्थित एक अंडरग्राउंड फैसिलिटी वाले नेवल स्टेशन पर खड़ी थी। गूगल अर्थ प्रो के एक हाई पावर डेस्कटॉप सॉफ्टवेयर वेरिएंट से अपडेट की गई ताजा सैटेलाइट तस्वीर के अनुसार, दक्षिणी चीन के हैनान द्वीप पर लोंगपो नौसेना बेस के एक घाट पर एक पनडुब्बी को डॉक करते हुए देखा गया, जिसमें कम से कम चार मिसाइल हैच बंद नहीं थे।
टाइप 094 पनडुब्बी का मिसाइल हैच खोला – सोशल मीडिया साइट एक्स पर ओपन सोर्स इंटेलिजेंस हैंडल @benreuter_IMINT ने पनडुब्बी की पहचान छह चीनी टाइप 094 परमाणु-संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियों में से एक के रूप में की है। इनमें से प्रत्येक पनडुब्बी परमाणु हमलों के लिए 12 लंबी दूरी की मिसाइलों को ले जाने में सक्षम है। चीनी रक्षा मंत्रालय ने इस तस्वीर पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, माना जा रहा है कि यह चीन का शक्ति प्रदर्शन है, जो ताइवान के साथ विवाद के बीच माहौल बनाने के लिए जानबूझकर जारी किया गया है।
लोंगपो में तैनात हैं ये पनडुब्बियां – लोंगपो को चीन के टाइप 094 पनडुब्बियों के बेड़े का होमबेस माना जाता है। इसमें 12 पनडुब्बियों को लंगर के लिए छह 754-फुट लंबे घाट बनाए गए हैं। अंडरग्राउंड बेस होने के कारण यह दुश्मन के हमले और उनकी निगरानी से भी बचा रहता है। 2023 की रिपोर्ट में अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन की रिपोर्ट के अनुसार, चीन के पास संख्या के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी नौसेना है। उसके नौसैनिक बेड़े में 400 से ज्यादा जहाज तैनात हैं।
JL-2, JL-3 मिसाइलों से लैस हैं ये पनडुब्बियां – चीन के टाइप 094 पनडुब्बियां JL-2 या JL-3 पनडुब्बी-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस हैं। ये चीन के लिए समुद्र आधारित न्यूक्लियर डेटरेंस के रूप में काम करती हैं। अमेरिका का अनुमान है कि JL-2 और JL-3 मिसाइलों की रेंज क्रमशः 3,900 और 5,400 समुद्री मील है। JL-2 मिसाइल अमेरिका के पूर्व तट पर हमला करने में सक्षम है। वहीं, JL-3 मिसाइल चीन के पास से लॉन्च होने के बाद अमेरिका के कई बड़े शहरों को निशाना बना सकती है।