
भारत ने बंगाल की खाड़ी में 1680 किलोमीटर का नो फ्लाई जोन घोषित किया है। माना जा रहा है कि भारत इस क्षेत्र में किसी बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण करने जा रहा है। आशंका है कि यह के-4 मिसाइल का परीक्षण हो सकता है। इस दौरान एक चीनी जासूसी जहाज भी इस इलाके की ओर बढ़ रहा है।
भारत ने बंगाल की खाड़ी में एरिया वॉर्निंग जारी की है। यह एरिया वार्निंग लगभग 1680 किलोमीटर लंबी है। इस क्षेत्र को 3 और 4 अप्रैल के लिए नो फ्लाई जोन घोषित किया किया गया है। संभावना है कि भारत पनडुब्बी से लॉन्च की जाने वाली परमाणु मिसाइल के-4 का परीक्षण कर सकता है। इसे बीजिंग किलर मिसाइल भी कहा जाता है। इसकी रेंज 4000 किलोमीटर से अधिक है। यह मिसाइल पारंपरिक वॉरहेड के साथ परमाणु हमला करने में भी सक्षम है। बड़ी बात यह है कि भारत के इस एरिया वॉर्निंग का ऐलान होते ही चीन का एक जासूसी जहाज युआन वांग 03 को हिंद महासागर की ओर आते हुए देखा गया है। यह जहाज जल्द ही मलक्का जलडमरूमध्य को पार कर बंगाल की खाड़ी में प्रवेश करेगा।
चीनी जासूसी जहाज चुरा सकता है मिसाइल की जानकारी – युआन वांग 03 चीन का उपग्रह और मिसाइल ट्रैकिंग पोत है। यह युआन वांग सीरीज का सबसे आधुनिक पोत है। इसमें दुश्मन की मिसाइलों को ट्रैक करने के लिए कई शक्तिशाली एंटीना लगे हुए हैं। ये एंटीना मिसाइल की रेंज, उसका लक्ष्य, मिसाइल की प्रकृति जैसी कई जानकारियां चुरा सकते हैं। इसके अलावा यह जहाज अंतरिक्ष में मौजूद उपग्रहों पर भी निगरानी रख सकता है। इससे चीन को दुश्मनों के हथियारों और निगरानी उपकरणों की जासूसी करने में मदद मिलती है। चीन ने पहले से ही अपने दो जासूसी जहाजों को हिंद महासागर में तैनात किया हुआ है। ये जहाज मालदीव को अपना ठिकाना बनाकर आसपास के इलाकों में जासूसी कर रहे हैं। चीन ने इस क्लास के 9 जहाजों का निर्माण किया है। लगभग 100 मीटर लंबे इस जहाज को 2016 में चीन के स्टेट ओशनिक एडमिनिस्ट्रेशन (एसओए) के बेड़े में शामिल किया गया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website