Wednesday , August 6 2025 10:18 PM
Home / News / बोइंग स्टारलाइनर से धरती पर कर सकते थे वापसी… अंतरिक्ष से बोलीं सुनीता विलियम्स, सुरक्षित लैंडिंग पर क्या कहा?

बोइंग स्टारलाइनर से धरती पर कर सकते थे वापसी… अंतरिक्ष से बोलीं सुनीता विलियम्स, सुरक्षित लैंडिंग पर क्या कहा?


बोइंग स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट अंतरिक्ष से लौट आया है। इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में सुनीता विलियम्स मौजूद हैं। स्पेस से उन्होंने पृथ्वी पर संदेश दिया। इसमें उन्होंने बताया कि वह बोइंग स्टारलाइनर के जरिए पृथ्वी पर आ सकती थीं। उन्होंने बोइंग स्टारलाइनक के जरिए वापसी न करने का कारण बताया।
इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में फंसी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने धरती पर बात की। उनका मानना है कि उन्हें बोइंग स्टारलाइनर के जरिए वापस पृथ्वी पर ले जाया जा सकता था अगर अंतरिक्ष यान की समस्याओं पर काम करने के लिए ज्यादा समय मौजूद होता। पिछले सप्ताह बैरी विल्मोर और सुनीता विलियम्स ने बोइंग स्टारलाइनर को स्पेस स्टेशन से धरती की ओर जाते हुए देखा था। लगभग तीन महीने पहले वह इसी अंतरिक्ष यान के जरिए स्पेस स्टेशन पर पहुंचे थे। लेकिन अब यह बिना अंतरिक्ष यात्रियों के खाली पृथ्वी पर लौटा है।
शुक्रवार को एक वीडियो प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, ‘मुझे यकीन है कि हम उस पॉइंट तक पहुंच सकते थे, जहां हम स्टारलाइनर के जरिए लौट सकते थे। लेकिन हमारे पास समय खत्म हो गया।’ 5 जून को दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने स्पेसक्राफ्ट के पहले मानव मिशन के हिस्से के तौर पर स्टारलाइनर से उड़ान भरी। उनके मिशन का लक्ष्य स्पेस स्टेशन के साथ जुड़ना, आठ दिनों तक वहां रहना और फिर स्टारलाइनर के जरिए वापसी था।
2025 में होगी वापसी – स्पेस में पहुंचने के दौरान स्टारलाइनर को कई खराबियों का सामना करना पड़ा। स्पेसक्राफ्ट में हीलियम लीक और थ्रस्टर में खराबी आ गई, जिस कारण इसकी वापसी मुश्किल हो गई। दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को अब फरवरी 2025 तक स्पेस में रहना पड़ेगा। पिछले महीने नासा ने फैसला किया कि विलियम्स और विल्मोर फरवरी में स्पेसएक्स के क्रू-9 उड़ान के जरिए वापसी करेंगे। स्टारलाइनर सुरक्षित धरती पर लौट आया है। ऐसे में विल्मोर ने कहा कि वह स्पेस में रहने के निर्णय से बिल्कुल भी निराश नहीं हैं।