
बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि, अब उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र गैस्ट्रोएंट्राइटिस (आंत में संक्रमण) से पीड़ित हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, इस संक्रमण के कारण मरीज दस्त, दर्द, उल्टी, बुखार होने लगता है, जिससे उसकी सेहत में गिरावट आ जाती है।
धर्मेंद्र की भी इसी संक्रमण के कारण हालत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें सोमवार दोपहर को नानावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। भर्ती होते ही उन्हें लगातार एंटीबायोटिक दिए गए, जिसके बाद उनकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है।
धर्मेन्द्र का इलाज करने वाले डॉक्टर विशेष अग्रवाल के मुताबिक, उन्हें सोमवार को पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद हॉस्पिटल लाया गया था। हम उनकी गैस्ट्रिक अपसेटनेस का इलाज कर रहे हैं। कुछ ही दिनों में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है। डॉक्टरों की मानें तो धर्मेंद्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्वास्थ्य सामान्य होने पर उन्हें कल या फिर परसों तक अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। धर्मेंद्र के साथ अस्पताल में उनका परिवार मौजूद है। हालांकि, उनकी ओर से इस बारे में कोई बयान सामने नहीं आ सका है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website