
मेलानिया ट्रंप ने अपनी दोस्त से इस बात की शिकायत की थी कि इवांका उन्हें ‘फर्स्ट लेडी’ की तरह सम्मान नहीं देती है। उन्होंने यह भी कहा था कि इवांका हमेशा स्पॉटलाइट लेती हैं। मेलानिया की पूर्व दोस्त और स्टाफर स्टेफनी विंस्टन वॉल्कॉफ ने अपनी किताब- ‘मेलानिया ऐंड मी: द राइज ऐंड फॉल ऑफ माई फ्रेंडशिप विद द फर्स्ट लेडी’ में ये दावा किया है जो अगले मंगलवार को रिलीज होने वाली है।
‘अटेंशन के लिए कंपीट करती थीं इवांका’
मीडिया रिपोर्टर यशर अली ने दावा किया है कि वॉल्कॉफ के पास मेलानिया के टेप हैं जिनमें उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार के बारे में कई अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। डेलीमेल ऑनलाइन ने एक सूत्र के हवाले से दावा किया है कि मेलानिया शिकायत करती थीं कि इवांका हमेशा डोनाल्ड के अटेंशन के लिए उनसे कंपीट करती थीं, जैसे उन्हें ज्यादा पता हो और फर्स्ट लेडी बनने के ज्यादा लायक हो।
मेलानिया और इवांका के बीच रिश्ते हमेशा से तनावपूर्ण बताए जाते रहे हैं। पहले कहा जाता था कि मेलानिया इवांका को ‘द प्रिंसेज’ (राजकुमारी) कहती थीं जबकि इवांका मेलानिया को चुप रहने के लिए ‘पोर्ट्रेट’ कहा करती थीं। हालांकि, ऐसा पहली बार होगा कि मेलानिया के शब्दों में ही दोनों के बीच तल्खी दुनिया के सामने आएगी।
हद से ज्यादा दखल देती हैं इवांका
किताब में यह भी दावा किया गया है कि मेलानिया को लगता था कि इवांका वाइट हाउस के हर मुद्दे में हद से ज्यादा दखल देती हैं। सूत्र ने अखबार को बताया है कि इवांका की पीठ के पीछे मेलानिया इस बात पर गुस्सा करती थीं कि देश की सिर्फ एक फर्स्ट लेडी है क्योंकि उनके पति राष्ट्रपति हैं, न कि उनका पूरा परिवार।
हालांकि, मेलानिया की करीबी दोस्ती स्टेफनी ग्रिशम ने उन खबरों को खारिज किया है जिनमें कहा गया है था कि मेलानिया ने ट्रंप के बच्चों के बारे में कोई बुरी बात कही है। उन्होंने कहा कि अगर मेलानिया की जानकारी के बिना उनकी बात को रिकॉर्ड किया तो यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website