Tuesday , December 23 2025 6:03 AM
Home / News / यूरोप: कोरोना की वजह से जान गंवाने वाले 95% लोगों की उम्र 60 के ऊपर

यूरोप: कोरोना की वजह से जान गंवाने वाले 95% लोगों की उम्र 60 के ऊपर


यूरोप इस वक्त कोरोना वायरस की चपेट में सबसे बुरी तरह से है। यहां पूरी दुनिया के आधे कोरोना पॉजिटिव लोग हैं जबकि आधी से ज्यादा मौतें भी यहीं हुई हैं।
यूरोप: कोरोना की वजह से जान गंवाने वाले 95% लोगों की उम्र 60 के ऊपरयूरोप में कोरोना वायरस के कारण जान गंवाने वाले 95% से ज्यादा लोगों की उम्र 60 साल से ज्यादा रही है। यह जानकारी विश्व स्वास्थ्य संगठन के यूरोप प्रमुख डॉ. हांस क्लुगे ने दी है। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि ऐसा नहीं है कि केवल उम्र के कारण ही इस घातक बीमारी का जोखिम है। क्लुगे ने इस धारणा को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है कि COVID-19 केवल बुजुर्ग लोगों पर असर डालता है।
50% लोग 80 साल की उम्र से ज्यादा
क्लुगे ने बताया है कि ताजा आंकड़ों के मुताबिक, यूरोप में अब तक 30,098 लोगों की मौत हुई, जिनमें से अधिकतर इटली, फ्रांस और स्पेन के थे। क्लुगे ने कहा, ‘हम जानते हैं कि इन मौतों में से 95% लोग 60 साल से ज्यादा उम्र के थे जबकि इनमें से आधे लोगों की उम्र 80 साल से अधिक थी।’
पहले से थे बीमार
उन्होंने कहा कि मरने वाले पांच में से चार लोग डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधी बीमारियों में से किसी एक से पहले ही पीड़ित थे। क्लुगे ने कहा, ‘एक सकारात्मक पहलु के तहत, ऐसी सूचनाएं हैं कि अस्पताल में भर्ती 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोग कोविड-19 से ठीक हुए हैं।’
युवा नहीं हैं खतरे से बाहर
हालांकि, क्लुगे ने साफ किया कि युवा लोग भी इससे अपराजित नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य संस्था का कहना है कि 50 से कम आयु वर्ग के लोगों में मध्यम या गंभीर संक्रमण होता है। किशोरों और 20 वर्ष के आसपास की आयु वाले लोगों में भी गंभीर संक्रमण देखा गया और इनमें से कई को गहन चिकित्सा की जरूरत पड़ी जबकि दुर्भाग्य से कुछ की मौत हो गई।
दुनिया के आधे केस यूरोप में
यूरोप में पूरी दुनिया से करीब आधे, 5,00,000 से ज्यादा लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया जा चुका है। दुनियाभर में यह आंकड़ा 9,66,939 पहुंच चुका है। वहीं, पूरी दुनिया में हुई 47,836 मौतों में से 34,571 मौतें भी यूरोप में हुई हैं। यूरोप में सबसे ज्यादा खराब हालात इटली में हैं जहां 13,155 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि स्पेन में 10,003 लोगों की मौत हो गई।