Thursday , January 15 2026 12:33 PM
Home / News / भीषण गर्मी की चपेट में यूरोप और मिडिल ईस्ट, कई जगहों पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार

भीषण गर्मी की चपेट में यूरोप और मिडिल ईस्ट, कई जगहों पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार

यूरोप और मध्य पूर्व के कई देश भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। मध्य पूर्व के देशों में कई जगहों पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। यूरोपीय देशों में भी भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया है। लोग कड़ी धूप और गर्मी में बाहर निकलने से बच रहे हैं।
यूरोप और मिडिल ईस्ट इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं, जिससे कई देशों में जलवायु आपात स्थितियां घोषित की गई हैं। ईरान के राष्ट्रीय मौसम विभाग के अनुसार, ईरान इस वर्ष के अब तक के सबसे गर्म सप्ताह में प्रवेश कर चुका है, जहां पारा 50 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। राजधानी तेहरान में रविवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ईरान में लोगों को पानी बचाने की सलाह – तेहरान जल प्राधिकरण ने लोगों से पानी की खपत में कम से कम 20 प्रतिशत की कटौती करने की अपील की है, क्योंकि राजधानी को जलापूर्ति करने वाले बांध “पिछले 100 वर्षों में अपने सबसे निचले स्तर” पर पहुंच गए हैं। वहीं, तेहरान से लगभग 3,500 किलोमीटर पश्चिम में स्थित यूनानी राजधानी एथेंस में इस गर्मी की पहली लंबी लहर ने दस्तक दी है।
यूरोप बना हीट-चैंबर – नेशनल ऑब्जर्वेटरी के अनुसार, उत्तरी अफ्रीका से गर्म हवाओं ने क्षेत्र में हीट-चैंबर बना दिया है। इस कारण तापमान सामान्य औसत से 10 डिग्री अधिक दर्ज हो रहा है। इस सप्ताह औसतन अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 44 डिग्री तक जा सकता है। ग्रीक अखबार ‘द नेशनल हेराल्ड’ ने इसे “नरक से भी गर्म” बताया है।