Saturday , March 28 2026 7:43 PM
Home / News / FATF के एशिया-प्रशांत समूह ने दिखाया पाकिस्तान को आईना, आतंकवाद को लेकर खोली पोल

FATF के एशिया-प्रशांत समूह ने दिखाया पाकिस्तान को आईना, आतंकवाद को लेकर खोली पोल

फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) के एशिया-प्रशांत समूह ने अब पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए आतंकवाद वित्तपोषण पर इसकी पोल खोल दी है । मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एशिया-प्रशांत समूह की रिपोर्ट के मुताबिक धनशोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण से निपटने से संबंधित 11 में से 10 अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर पाकिस्तान की प्रभावशीलता को ‘निम्न’ स्तर का आंका गया है।
‘द डॉन’ की खबर के अनुसार, FATF के सिडनी स्थित क्षेत्रीय सहयोगी एशिया प्रशांत समूह (APG) ने अपने क्षेत्रीय सदस्यों की रेटिंग पर दो सितंबर तक एक अपडेट जारी किया था, जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तान ने 11 लक्ष्यों में से केवल एक में ‘मध्यम स्तर की प्रभावशीलता’ दिखाई है। FATF आतंकवाद के वित्तपोषण और धनशोधन मामले में एक वैश्विक प्रहरी संस्था है। APG के मुताबिक पाकिस्तान ने पर्याप्त सूचना देने, वित्तीय जानकारी तथा सबूत प्रदान करने और अपराधियों व उनकी संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने में अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्रदान किया है।
FATF और APG के 15 सदस्यीय संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने 29 अगस्त से दो सितंबर के बीच यह पता लगाने के लिए पाकिस्तान का दौरा किया कि उसने जून 2018 में FATF के साथ उच्च स्तर पर तैयार की गई 34 सूत्रीय कार्य योजना पर कितना अमल किया है। टास्क फोर्स ने इस साल फरवरी में पाया था कि पाकिस्तान ने सभी 34 बिंदुओं पर काफी हद तक अमल किया है।
टास्क फोर्स ने पाकिस्तान को औपचारिक रूप से ‘ग्रे’ सूची से बाहर निकलने से पहले देश का दौरा करने का फैसला किया था। एफएटीएफ-एपीजी मूल्यांकन तंत्र के तहत यह रेटिंग दर्शाती है कि किसी देश की कार्रवाई किस हद तक प्रभावी रही है। एपीजी ने कहा कि धनशोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण से निपटने के 10 अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत पाकिस्तान की प्रभावशीलता निम्न स्तर की रही है।