Thursday , December 25 2025 9:23 PM
Home / News / स्वतंत्रता दिवस की परेड के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, 6 की मौत, 20 से ज्यादा घायल

स्वतंत्रता दिवस की परेड के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, 6 की मौत, 20 से ज्यादा घायल


अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने क अनाम नहीं ले रही हैं। अमेरिका के अलग-अलग शहरों से आए दिन गोलीबारी की घटनाएं सामने आती रहती है। बड़ी बात तो ये है कि कल (4 जुलाई) अमेरिका अपना 246वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, इस दौरान भी अमेरिका के शिकागो में गोलीबारी की गई।
मिली जानकारी के अनुसार अमेरिका में शिकागो शहर के हाईलैंड पार्क के पास सोमवार को स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। पुलिस संदिग्ध हमलावर की तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि उसने किसी इमारत की छत पर से गोलीबारी की। हालईलैंड पार्क के पुलिस कमांडर क्रिस ओ’नील ने लोगों से सुरक्षित स्थानों की ओर जाने का आग्रह किया है। इस बीच, अधिकारी संदिग्ध हमलावर की तलाश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह श्वेत व्यक्ति है, जिसने सफेद और नीले रंग की टी शर्ट पहन रखी है।
लेक काउंटी मेजर क्राइम टास्क फोर्स के प्रवक्ता क्रिस्टोफर कोवेली ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हमलावर ने किसी छत पर से राइफल से परेड में शामिल लोगों पर गोलीबारी की और वह राइफल बरामद कर ली गई है। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि उसने किस इमारत की छत से गोलीबारी की।
बताया गया कि केवल एक शूटर ने इस हमले को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने खून से लथपथ शव देखे हैं, जिनपर कंबल ढंके हुए हैं और सैंकड़ों लोग जान बचाकर भाग रहे हैं। एक न्यूज़ पेपर ने खबर दी है कि परेड सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, लेकिन गोलीबारी होते ही 10 मिनट बाद इसे रोक दिया गया।
एक रिपोर्ट के अनुसार ‘व्यक्ति ने खून में लथपथ कुछ शवों पर कंबल ढंका हुआ देखा है। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने समाचार पत्र को बताया कि उन्होंने गोलीबारी की आवाज सुनी है। परेड में जाने वाले सैंकड़ों लोगों में से कुछ खून में लथपथ दिखे। वे अपनी कुर्सियां, बच्चों का सामान और कंबल वहीं छोड़कर भाग गए।’