
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के शारजाह में मुंबई इंडियंस ने चेन्नै सुपर किंग्स को एकतरफा मैच में 10 विकेट से हरा दिया। यह पहला मौका है जब आईपीएल में चेन्नै सुपर किंग्स की टीम 10 विकेट से हारी है। चेन्नै सुपर किंग्स ने पावरप्ले में ही 5 विकेट गंवाने के बाद सैम करन की हाफ सेंचुरी की बदौलत 20 ओवरों में 9 विकेट पर 114 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई ने ईशान किशन (नाबाद 68) और क्विंटन डि कॉक (नाबाद 46) की तूफानी बैटिंग के दम 12.2 ओवर में 116 रन बनाते हुए बेहद आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस की टीम पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, चेन्नै सुपर किंग्स हार के साथ प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है।
ईशान और डि कॉक की तूफानी बैटिंग
115 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने बेजोड़ शुरुआत की। रोहित की गैरमौजूदगी में ओपनिंग करने उतरे ईशान किशन और क्विंटन डि कॉक शुरू से आक्रामक मूड में दिखे। पहला ओवर करने आए दीपक चाहर को डि कॉक ने दो चौके जड़े तो दूसरे ओवर में जोस हेजलवुड को किशन ने दो चौके ठोके। 5वें ओवर में दीपक को ईशान ने दो चौके और एक छक्का जड़ते हुए मुंबई को 50 रनों के पार पहुंचा दिया।
किशन ने जड़ी तूफानी फिफ्टी
ईशान ने 28 गेंदों में रविंद्र जडेजा को छक्का जड़ते हुए तूफानी हाफ सेंचुरी पूरी की। इन दोनों ने टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया और 46 गेंद रहते मैच को मुंबई के पाले में डाल दिया। यह पहला मौका है, जबकि चेन्नै की टीम ने कोई मैच 10 विकेट से गंवाया है। ईशान ने 37 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्के जड़े, जबकि डि कॉक ने 37 गेंदें में 5 चौके और दो छक्के उड़ाए।
सैम करन ने बचाई CSK की लाज
चेन्नै सुपर किंग्स को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के सबसे कम स्कोर का रेकॉर्ड अपने नाम करने की तरफ मोड़ दिया था, लेकिन सैम करन ने अहम समय पर अर्धशतकीय पारी खेल चेन्नै की लाज बचा ली। पावर प्ले में ही अपने छह विकेट खो चुकी चेन्नै को करन ने 47 गेंदों पर 52 रन बना 20 ओवरों में नौ विकेट पर 114 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। करन को ट्रेंट बोल्ट ने पारी की आखिरी गेंद पर बोल्ड किया। वह टीम के 9वें विकेट के तौर पर आउट हुए। अपनी पारी में करन ने चार चौके और दो छक्के लगाए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website