Tuesday , December 23 2025 1:36 PM
Home / News / अमेरिका के व्हाइट हाउस में गूंजे वैदिक मंत्र, हिंदू पुजारी ने किया शांति पाठ

अमेरिका के व्हाइट हाउस में गूंजे वैदिक मंत्र, हिंदू पुजारी ने किया शांति पाठ


अमेरिका के राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस के रोज गार्डेन में शुक्रवार को वैदिक शांति पाठ का जाप किया गया। यूएस में नेशनल डे ‘ऑफ प्रेयर सर्विस’ के मौके पर कोरोना से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कुशलता की कामना की गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर न्यूजर्सी के स्वामी नारायण मंदिर के पुजारी हरीश ब्रह्मभट्ट ने वैदिक शांति का पाठ किया। इस मौके पर अन्य धर्मों के धर्माचार्योंने भी प्रार्थना की। यह पहला मौका है जब न्यूजर्सी के स्वामी नारायण मंदिर का कोई पुजारी ‘नैशनल डे ऑफ प्रेयर सर्विस’ पर व्हाइट हाउस में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुआ।
इस मौके पर वैदिक शांति पाठ करने वाले पुजारी ब्रह्मभट्ट ने कहा, ‘कोरोना वायरस, सोशल डिस्टैंसिंग और लॉकडाउन के इस कठिन समय में लोगों का बेचैन होना और शांत महसूस न करना अस्वाभाविक नहीं है। शांति पाठ एक ऐसी प्रार्थना है, जो सांसारिक धन-दौलत, सफलता, प्रसिद्धि या स्वर्ग जाने जैसी किसी कामना के लिए नहीं की जाती है। यह शांति के लिए की जाने वाली खूबसूरत प्रार्थना है। यह एक वैदिक प्रार्थना है, जिसे यजुर्वेद से लिया गया है।’ ब्रह्मभट्ट ने पूरी प्रार्थना का अंग्रेजी में अनुवाद भी किया।
प्रार्थना खत्म होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हरीश ब्रह्मभट्ट का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस समय अमेरिका एक बेहद भयानक बीमारी से जंग लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समय के इतिहास में जब भी कोई चुनौती आई है तो हमारे लोगों ने आस्था में विश्वास, प्रार्थना की शक्ति और भगवान की अनंत महिमा में विश्वास जताया है। इस मौके पर ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति जताई जिन्होंने अपने प्रियजनों को कोरोना वायरस की वजह से खो दिया है।