Tuesday , February 10 2026 10:30 AM
Home / Sports / इमरान ताहिर ने की SA बोर्ड की जमकर तारीफ, कहा- सपना पूरा करने के लिए धन्यवाद

इमरान ताहिर ने की SA बोर्ड की जमकर तारीफ, कहा- सपना पूरा करने के लिए धन्यवाद


दक्षिण अफ्रीका के लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व नहीं करने पर निराशा जताने वाले अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा है कि वह क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) के आभारी हैं जिन्होंने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का उनका सपना पूरा करने का अवसर दिया।
पाकिस्तान की अंडर-19 और ए टीम के लिए खेल चुके ताहिर ने कहा था, ‘मैं लाहौर में खेलता था और आज मैं जो कुछ भी हूं इसमें उसका अहम रोल है। मैंने अपना ज्यादातर क्रिकेट पाकिस्तान में खेला लेकिन मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर में खेलने का मौका नहीं मिला जिसके लिए मैं निराश हूं।’ अपने बयान पर सफाई देते हुए उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पाकिस्तान के लिए खेलने की उनकी योजना सफल नहीं हुई।
41 वर्षीय ताहिर ने कहा, ‘मैं लोगों को यह साफ करना चाहता हूं कि मैंने पाकिस्तान के लिए खेलने की पूरी कोशिश की लेकिन दुर्भाग्य से यह नहीं हो सका। इसके बाद सीएसए ने मुझे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का सपना पूरा करने का अवसर दिया जिसके लिए मैं जीवन भर उनका आभारी रहूंगा। मैं हमेशा दक्षिण अफ्रीका का खिलाड़ी ही रहूंगा।’