Sunday , September 8 2024 12:49 PM
Home / News / India / भारत-5, चीन-4, जापान-1… यह कैसी लिस्ट है जिसमें अपना देश है एशिया का सरताज

भारत-5, चीन-4, जापान-1… यह कैसी लिस्ट है जिसमें अपना देश है एशिया का सरताज


हाल के वर्षों में एशिया वेल्थ क्रिएशन का नया अड्डा बनकर उभरा है। दुनिया की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में तीन एशिया की हैं। इनमें चीन, जापान और भारत शामिल है। एशिया के अमीरों की लिस्ट में भी इन्हीं देशों का दबदबा है। Bloomberg Billionaires Index के मुताबिक एशिया के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में भारत का दबदबा है। इस लिस्ट में भारत के पांच अरबपति हैं। चीन के चार अरबपतियों को इस लिस्ट में जगह मिली है जबकि जापान का एक अरबपति इस लिस्ट में शामिल है। जानिए कौन-कौन शामिल है इस लिस्ट में…
​1- मुकेश अंबानी – एशिया के अमीरों की लिस्ट में मुकेश अंबानी पहले नंबर पर हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन की नेटवर्थ 112 अरब डॉलर है। इस वर्ष उनकी नेटवर्थ में 15.7 अरब डॉलर की उछाल आई है। अंबानी के नेतृत्व में रिलायंस ग्रुप ने कई क्षेत्रों में अपने कारोबार का विस्तार किया है। इनमें रिफाइनिंग, पेट्रोकेमिकल्स, रिटेल, टेलिकम्युनिकेशन और ग्रीन एनर्जी शामिल है। फोर्ब्स के मुताबिक अंबानी पिछले 10 साल से लगातार एशिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। रिलायंस आज टाटा ग्रुप के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा औद्योगिक घराना है।
​2- गौतम अडानी – अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। उनकी नेटवर्थ इस साल 22.8 अरब डॉलर बढ़कर 107 अरब डॉलर पहुंच गई है। अडानी ग्रुप का कारोबार आज मेटल्स, टेक्सटाइल्स, पोर्ट्स, एयरपोर्ट्स, इन्फ्रा, रियल्टी, डिफेंस और ग्रीन एनर्जी समेत कई क्षेत्रों में फैला है। टाटा और रिलायंस के बाद अडानी ग्रुप देश का तीसरा सबसे बड़ा औद्योगिक घराना है। गौतम अडानी ने 1988 में ट्रेडिंग फर्म के जरिए बिजनस की दुनिया में कदम रखा था। आज उनकी कई कंपनियां अपने सेक्टर में लीडर हैं।
​3- झोंग शैनशैन – एशिया के अमीरों की लिस्ट में चीन के झोंग शैनशैन तीसरे नंबर पर हैं। उनकी नेटवर्थ 62.1 अरब डॉलर है। उनकी कंपनी Nongfu Spring बोतलबंद पानी का बिजनस करती है। कोरोना काल में उनकी नेटवर्थ में काफी उछाल देखने को मिली थी और एक समय वह अंबानी को पछाड़कर एशिया के सबसे बड़े रईस बन गए थे। इसकी वजह यह थी कि Beijing Wantai Biological Pharmacy में भी उनकी हिस्सेदारी है। इस कंपनी ने कोरोना की जांच के लिए किट बनाई थी।
4- कोलिन हुआंग – एशिया के अमीरों की लिस्ट में चीन के कोलिन हुआंग चौथे नंबर पर हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 52.3 अरब डॉलर है। 1973 में पैदा हुए हुआंग चीन के ई-कॉमर्स कंपनी Pinduoduo के फाउंडर हैं। उन्होंने टेक इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत की और 2015 में Pinduoduo की स्थापना की। यह चीन की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक है। इस कंपनी में हुआंग की करीब 28% हिस्सेदारी है। इसके साथ ही हुआंग ने ऑनलाइन गेमिंग कंपनी Xinyoudi और ई-कॉमर्स कंपनी Ouku.com की स्थापना भी की थी।