Thursday , December 25 2025 9:24 PM
Home / News / भारतीय सेना ने कांगो में व‍िफल किया बड़ा हमला, संयुक्‍त राष्‍ट्र शांति मिशन को लूटने आए थे हमलावर

भारतीय सेना ने कांगो में व‍िफल किया बड़ा हमला, संयुक्‍त राष्‍ट्र शांति मिशन को लूटने आए थे हमलावर

 

भारतीय सेना ने अफ्रीकी देश कांगो में संयुक्‍त राष्‍ट्र के शांतिरक्षक मिशन के तहत बनाए अपने अड्डे और एक बड़े अस्‍पताल को लूटने के इरादे से आए हथियारबंद नागरिकों के हमले को व‍िफल कर दिया। भारतीय सेना ने बताया कि सोमवार को कुछ नागरिक हथियारबंद गुट संयुक्‍त राष्‍ट्र की संपत्ति को लूटना चाहते थे। इसके बाद सेना को बचाव के लिए ऐक्‍शन लेना पड़ा। सेना ने एक बयान जारी करके कहा कि पूरे मामले पर कड़ाई से नजर रखी जा रही है।
सेना ने बताया कि हथियारबंद नागरिकों के हमले से संयुक्‍त राष्‍ट्र के कार्यालय परिसर को नुकसान पहुंचा है। भारतीय शांतिरक्षक सैनिकों ने अपनी तैनाती की जगह पर जोरदार कार्रवाई करते हुए संयुक्‍त राष्‍ट्र के कर्मचारियों और उनकी संपत्ति की जान बचाई। भारतीय सैनिकों को कई देशों के सैनिकों के साथ मिलकर बनाई गई संयुक्‍त राष्‍ट्र शांतिरक्षक फोर्स में शामिल किया गया है। ये शांतिरक्षक सैनिक इस युद्धग्रस्‍त देश में संयुक्‍त राष्‍ट्र के नियमों के मुताबिक हालात को स्थिर बनाने में लगे हुए हैं।

व‍िश्‍वभर में भारतीय सेना के 5400 जवान तैनात : इससे पहले भारतीय सेना और अन्‍य देशों के सैनिकों ने संयुक्‍त राष्‍ट्र के झंडे के तले 22 मई को एक हथियारबंद गुट के एफएआरडीसी (कांगो सेना) और संयुक्‍त राष्‍ट्र मिशन पर हुए हमले को व‍िफल कर दिया था। भारतीय सेना ने संयुक्‍त राष्‍ट्र शांति मिशन के तहत प्रमुख भूमिका निभाई है। संयुक्‍त राष्‍ट्र की ओर से दुनियाभर में चलाए जा रहे 14 मिशनों में से 8 में भारतीय सैनिक तैनात हैं। वर्तमान समय में व‍िश्‍वभर में भारतीय सेना के 5400 जवान संयुक्‍त राष्‍ट्र के झंडे के तहत व‍िभिन्‍न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तैनात हैं।

भारतीय सेना की कांगो, लेबनान, साउथ सूडान, गोलान हाइट्स, सीरिया, पश्चिमी सहारा, अबयेई और साइप्रस में बड़े पैमाने पर संयुक्‍त राष्‍ट्र के झंडे के तहत तैनात है। भारत ने अपनी इन्‍फैंट्री बटालियन ग्रुप को अबयेई में संयुक्‍त राष्‍ट्र अंतरिम सुरक्षा बल में तैनात कर रहा है। भारत ने अब तक संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव को 15 फोर्स कमांडर, दो सैन्‍य सलाहकार, एक डेप्‍युटी मिल‍िट्री सलाहकार मुहैया कराया है। भारतीय सैनिकों की बहादुरी की कई बार संयुक्‍त राष्‍ट्र की ओर से प्रशंसा की गई है।