
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान भारत के खिलाफ अपने ही बुने् जाल में बुरी तरह फंस गए हैं। मामला मलेशिया में होने वाले एक समिट का है जिसको लेकर पाक को सऊदी अरब के गुस्से का शिकार होना पड़ सकता है। इन्हीं आशंकाओं और सऊदी अरब की सख्त नाराजगी के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान शनिवार को एक दिन की यात्रा पर सऊदी अरब पहुंचे। इमरान यहां सऊदी प्रिंस सलमान बिन अब्दुलअजीज से मुलाकात करेंगे। एक लिहाज से यह यात्रा बेहद अहम मानी जा रही है।
क्या है मलेशिया समिट का मामला
दरअसल, 18 से 20 दिसंबर तक मलेशिया में एक सम्मेलन होने वाला है। इसमें पाकिस्तान, मलेशिया, तुर्की और ईरान के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे। सऊदी अरब और यूएई इसे आर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) के लिए चुनौती मानता है। इमरान प्रिंस सलमान की नाराजगी दूर करने और उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं। इमरान मई से दिसंबर मध्य तक चार बार सऊदी अरब की यात्रा कर चुके हैं। इस एक दिन की यात्रा का उद्देश्य प्रिंस सलमान बिन अब्दुलअजीज की नाराजगी दूर करके उनको यह समझाने की कोशिश करना है कि पाकिस्तान की अन्य मुस्लिम देशों से मेलजोल बढ़ाने कोशिशों के बावजूद उसके सऊदी अरब से गहरे रिश्ते बरकरार हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website