Tuesday , February 10 2026 5:09 AM
Home / Sports / एंट्री पर बैन को लेकर ऑस्ट्रेलियाई पीएम पर बरसे माइकल स्लेटर, लगाया नजरअंदाज करने का आरोप

एंट्री पर बैन को लेकर ऑस्ट्रेलियाई पीएम पर बरसे माइकल स्लेटर, लगाया नजरअंदाज करने का आरोप

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने माइकल स्लेटर ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन को आड़े हाथों लिया है। मॉरिसन ने कोविड-19 से प्रभावित भारत से अपने देशवासियों को स्वदेश वापसी की अनुमति पर बैन लगा दिया है। स्लेटर ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए इसे अपमानजनक बताया।
स्लेटर अभी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने भारत में कोविड-19 के प्रकोप के कारण यहां से व्यावसायिक उड़ानों को प्रतिबंधित कर रखा है जिससे आईपीएल में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और कमेंटेटरों की समस्या बढ़ गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल से जुड़े ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों को स्वयं कोई व्यवस्था करनी होगी। स्लेटर ने ट्वीट किया, ‘यदि हमारी सरकार को ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों की सुरक्षा की परवाह है तो वह हमें स्वदेश लौटने की अनुमति देगी। यह अपमानजनक है। किसी भी अनहोनी के लिए आप जिम्मेदार होंगे प्रधानमंत्री। हमारे साथ ऐसा व्यवहार करने का आपने साहस कैसा किया। आप कैसे क्वारंटीन प्रणाली को सुलझाते हैं। मुझे आईपीएल में काम करने के लिए सरकार ने अनुमति दी थी और अब सरकार नजरअंदाज कर रही है।’
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने देश के नागरिकों के भारत से आने पर अस्थाई रोक लगा रखी है। यदि वे अपने आगमन से पहले 14 दिन के अंदर भारत में रहते हैं तो सरकार ने उनके लिए पांच साल जेल की सजा या भारी जुर्माने की धमकी दी है।