
यूक्रेन जंग की आंच अब नाटो देश पोलैंड तक पहुंच गई है और एक मिसाइल हमला हुआ है। इस हमले में दो लोगों के मारे जाने की खबर है। पोलैंड ने कहा है कि यह मिसाइल रूस में बनी हुई थी लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसे किसने दागा था। इस बीच पोलैंड पर मिसाइल हमले के बाद अमेरिका के नेतृत्व में जी7 देशों की बाली में आपात बैठक हुई है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि प्राथमिक साक्ष्य यह बताते हैं कि इस बात की आशंका न के बराबर है कि मिसाइल को रूस की ओर से दागा गया था।
बाइडन ने कहा कि प्राथमिक जांच यह बताते हैं कि मिसाइल रूस की ओर से नहीं दागी गई थी। उन्होंने कहा कि मैं अभी जांच पूरी होने तक कुछ नहीं कहना चाहता हूं। वहीं जी7 देशों की आपात बैठक आज आयोजित की गई ताकि पोलैंड पर मिसाइल हमले का सामूहिक जवाब दिया जा सके। पोलैंड पर हमले से यूक्रेन युद्ध की आंच के नाटो देशों तक पहुंचने का खतरा मंडरा रहा है। यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद ऐसा पहली बार है जब किसी नाटो देश पर हमला हुआ है।
रूसी हमले के बाद पोलैंड हथियार से लेकर खाद्यान तक हर तरीके की मदद दे रहा है। इससे अब दुनिया में यह डर सताने लगा है कि कहीं यह संघर्ष दूसरे विश्वयुद्ध के बाद यूरोप में सबसे बड़े संकट में न बदल जाए। बताया जा रहा है कि यह मिसाइल पोलैंड प्रजेवोडोव में एक गांव में जाकर गिरी। यह इलाका यूक्रेन की सीमा से 5 मील की दूरी पर है। इस मिसाइल को यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट किया था। इस मिसाइल हमले के बाद पोलैंड एक्शन में आ गया और उसने अपने फाइटर जेट को हवा में उड़ा दिया। यही नहीं सेना को भी पोलैंड ने तत्काल अलर्ट कर दिया।
इस हमले के बाद अमेरिका भी ऐक्शन में आ गया और राष्ट्रपति बाइडन ने बाली में आपात बैठक बुलाई। नाटो सदस्य देश होने के नाते दुश्मन के सैन्य हमले की सूरत में पोलैंड इस सैन्य गठबंधन के सदस्य देशों को मदद के लिए बुला सकता है। पोलैंड को नाटो के संविधान के आर्टिकल 5 के सामूहिक सुरक्षा की गारंटी हासिल है। उधर, पोलैंड ने रूस के राजदूत को तलब किया है और सफाई मांगी है।
Home / News / यूक्रेन युद्ध में पहली बार पोलैंड में मिसाइल अटैक, ऐक्शन में बाइडन, क्या नाटो तक पहुंचेगी रूसी जंग?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website