
चीन की टेनिस स्टार पेंग शुआइ ने सिंगापुर के एक अखबार से कहा कि उसने कभी यौन उत्पीडऩ की बात नहीं कही हालांकि नवंबर में उनके हवाले से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व शीर्ष नेता पर इस तरह का आरोप लगाया गया था। चीनी भाषा के अखबार लियान्हे जाओबाओ ने पेंग का एक वीडियो डाला है जो रविवार को शंघाई में लिया गया है। इसमें उन्होंने कहा कि वह बीजिंग में अपने घर पर ही रह रही है लेकिन बाहर आने जाने के लिए स्वतंत्र है।
पेंग ने कहा कि मैं कुछ महत्वपूर्ण बात कहना चाहती हूं। सबसे पहले तो यह कि मैने कभी नहीं लिखा कि किसी ने मेरा यौन उत्पीडऩ किया है। मैं यह बात साफ तौर पर कहना चाहती हूं। पत्रकार ने उनसे यह नहीं पूछा कि दो नवंबर की पोस्ट में उन्होंने ऐसे आरोप क्यों लगाए थे या उनका अकाउंट हैक हो गया था।
अखबार ने कहा कि 4 फरवरी से शुरू हो रहे बीजिंग शीतकालीन ओलिम्पिक के प्रचार के लिए पेंग का इंटरव्यू किया गया। वह उस समय एनबीए के पूर्व स्टार याओ मिंग और अन्य चीनी खिलाडिय़ों के साथ स्कीइंग स्पर्धा देख रही थी। पूर्व उप प्रधानमंत्री झांग गाओली पर आरोप लगाने के बाद से पेंग गायब हैं। दुनिया भर में उनकी कुशलक्षेम को लेकर चिंता जताई जा रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website