
अम्मान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जार्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय से मुलाकात की और कहा कि उसकी मुलाकात ‘‘शानदार’’ रही जो भारत- जार्डन संबंधों को और मजबूत करेगी। मोदी फलस्तीन सहित पश्चिमी एशिया के तीन देशों के दौरे के पहले चरण में यहां पहुंचे।
मोदी ने शाह से मुलाकात के बाद ट्वीट किया, ‘जार्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय के साथ बैठक शानदार रही। आज हमारी बातचीत भारत जार्डन द्विपक्षीय संबंधों को बहुत मजबूती देगी।’ बैठक के दौरान, मोदी ने शाह से कहा कि वह फरवरी के अंत में उनकी भारत यात्रा को लेकर आशान्वित हैं।
शाह अब्दुल्ला ने बैठक को बताया नए अध्याय की शुरुआत
उधर शाह ने बैठक को द्विपक्षीय संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत बताया। जार्डन की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘पेट्रा’ ने खबर दी कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत में फलस्तीन तथा यरूशलम में इस्लाम तथा ईसाइयों के पवित्र स्थलों के संरक्षण में जार्डन की भूमिका जैसे विषय सामने आए। इस बातचीत में कार्यवाहक प्रधानमंत्री ममदूह अब्बादी भी शामिल हुए।
इसमें विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच समन्वय एवं सलाह मशविरा पर विशेष गौर किया गया। शाह ने सुरक्षा, स्थिरता को बढावा देने और आतंकवाद से लडऩे में भारत द्वारा निभाई गई भूमिका को रेखांकित किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री ने उनकी फलस्तीन यात्रा में सुगमता के लिए साजोसामान संबंधी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।’ कुमार ने मोदी की शाह के गले मिलने की तस्वीर भी साझा की।
जॉर्डन के प्रधानमंत्री हानी अल मुल्कि ने की पीएम मोदी की अगवानी
अम्मान पहुंचने पर जॉर्डन के प्रधानमंत्री हानी अल मुल्कि ने प्रधानमंत्री की अगवानी की। भारतीय समुदाय ने अम्मान में मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रवक्ता ने कहा कि मोदी का यह जार्डन का पहला दौरा है और 30 साल में यह पहला मौका है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री इस देश में आए हैं। शनिवार को मोदी फलस्तीन रवाना होंगे जहां उनका राष्ट्रपति महमूद अब्बास से बातचीत करने का कार्यक्रम है। मोदी फलस्तीन जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website