
पाकिस्तान के रहने वाले 29 वर्षीय जहीर महमूद ने साल 2020 में पेरिस में शार्ली एब्दो के पूर्व दफ्तर के बाहर चाकू से जानलेवा हमला किया था। अवैध रूप से फ्रांस में घुसे महमूद को लगा था कि मशहूर व्यंग्य पत्रिका का दफ्तर अभी भी उसी इमारत में स्थित है।
फ्रांस की राजधानी पेरिस की एक अदालत ने गुरुवार 23 जनवरी को एक पाकिस्तानी शख्स को 30 साल की जेल की सजा सुनाई है। 29 वर्षीय जहीर महमदूद ने साल 2020 में मशहूर फ्रांसीसी व्यंग्य पत्रिका शार्ली एब्दो के पूर्व दफ्तर के बाहर मीट काटने वाले चाकू से दो लोगों की हत्या करने की कोशिश की थी। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी मूल का यह शख्स साल 2019 में अवैध रूप से फ्रांस पहुंचा था। महमूद ने जब हमला किया तो उसे लगा था कि व्यंग्य पत्रिका का दफ्तर अभी भी उसी इमारत में स्थित है, जिसे एक दशक पहले पैगंबर मोहम्मद के कार्टून के लिए इस्लामिक आतंकवादियों ने निशाना बनाया था।
पत्रिका ने बदल लिया था दफ्तर – हालांकि, साल 2015 में अल-कायदा से जुड़े दो नकाबपोश बंदूकधारियों के हमले के बाद पत्रिका ने अपना दफ्तर बदल लिया था। इस हमले में शार्ली एब्दो के 8 संपादकीय कर्मचारियों समेत 12 लोग मारे गए थे। 2015 में हुए इस हमले ने फ्रांस को झकझोर दिया था, जिसके बाद अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और धर्म के बारे में तीखी बहस शुरू हुई थी।
अवैध तरीके से पहुंचा फ्रांस – मूल रूप से ग्रामीण पाकिस्तान का रहने वाला महमूद 2019 की गर्मियों में फ्रांस पहुंचा था। वह 25 सितंबर 2020 को दिन में शार्ली एब्दो के पूर्व दफ्तर के सामने पहुंचा। वहां, उसने प्रीमियर लिग्नेस समाचार एजेंसी के दो कर्मचारियों पर इमारत के बाहर चाकू से हमला किया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पाकिस्तानी कट्टरपंथी से था प्रभावित – अदालत को बताया गया कि महमूद कट्टरपंथी पाकिस्तानी उपदेशक खादिम हुसैन रिजवी से कैसे प्रभावित था। रिजवी ने ‘पैगंबर के अपमान का बदला लेने’ के लिए ईशनिंदा करने वालों का सिर कलम करने का आह्वान किया था। अदालत में सुनवाई के बाद महमूद को हत्या के प्रयास और आतंकवादी साजिश रचने का दोषी ठहराया गया। उसे 30 साल जेल की सजा सुनाई गई और दोबारा फ्रांसीसी जमीन पर कदम रखने पर प्रतिबंध लगाया गया।
Home / News / पैगंबर कार्टून विवाद: शार्ली एब्दो पर हमला करने वाले पाकिस्तानी शख्स को 30 साल की जेल, मीट काटने वाले चाकू से किया था हमला
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website