
यूक्रेन ने एक बार फिर रूस को बड़ा झटका दिया है। इस बार यूक्रेन ने रूस के अंदर घुसकर केर्च पुल पर बड़ा हमला किया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने 1100 किलोग्राम के अंडरग्राउंड बम से केर्च पुल को निशाना बनाया है। विस्फोट के बाद रूस ने केर्च पुल पर आवाजाही को रोक दिया है। केर्च पुल यूक्रेन में रूसी सैन्य अभियान के लिए एक बड़ा रणनीतिक मार्ग है। यह रूस की मुख्य भूमि को कब्जे वाले क्रीमिया से भी जोड़ता है। यह पुल पहले भी कई बार यूक्रेनी हमलों का शिकार हुआ है।
रूस ने भी यूक्रेन पर किया भीषण हमला – वहीं, रूस ने मंगलवार को यूक्रेन के शहर सुमी को निशाना बनाकर हमला किया जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह इस बात को रेखांकित करता है कि मॉस्को का तीन साल से जारी युद्ध को रोकने का कोई इरादा नहीं है।
यूक्रेन ने रूस के 41 बमवर्षकों को किया था नष्ट – इसके दो दिन पहले यूक्रेन ने ड्रोन के जरिये रूस के अंदर घुसकर उसके हवाई अड्डों पर भीषण हमला किया था जिसमें कई विमान नष्ट हो गए थे। यूक्रेन ने दावा किया था कि उसने रूस के कम से कम 41 बमवर्षक विमानों को नष्ट कर दिया है। हालांकि, रूस की तरफ से सिर्फ हवाई अड्डों पर हमले की बात स्वीकारी गई थी। इस हमले को रूस के लिए बड़ा झटका बताया गया, क्योंकि इस दौरान यूक्रेन ने भारी नुकसान पहुंचाया।
रूस-यूक्रेन में शांति वार्ता जारी – यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए प्रत्यक्ष शांति वार्ता में कोई प्रगति नहीं होने के एक दिन बाद उत्तर-पूर्वी शहर के केंद्र में स्थित इमारतों और एक अस्पताल पर रॉकेटों की बौछार कर दी गई। जेलेंस्की ने कहा कि सुमी पर दागे गए रॉकेटों में से एक इमारत की दीवार में घुस गया, लेकिन विस्फोट नहीं हुआ। जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, ”इस युद्ध को समाप्त करने से जुड़ी रूस की इच्छा के बारे में आपको बस इतना ही जानना चाहिए।”
जेलेेंस्की ने क्या कहा – उन्होंने कहा, ”यह स्पष्ट है कि वैश्विक दबाव के बिना, अमेरिका, यूरोप और दुनिया के सभी सत्तारूढ़ लोगों की निर्णायक कार्रवाई के बिना, (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन युद्धविराम के लिए सहमत नहीं होंगे।” इस्तांबुल में सोमवार को हुई वार्ता में युद्धरत देशों के प्रतिनिधिमंडल मृत और घायल सैनिकों की अदला-बदली करने पर सहमत हुए थे, लेकिन युद्ध समाप्त करने के लिए उनकी शर्तें बहुत अलग-अलग रहीं।
यूक्रेन ने केर्च पुल को बनाया निशाना – यूक्रेनी सुरक्षा सेवा (जिसे इसके संक्षिप्त नाम एसबीयू के नाम से जाना जाता है) ने दावा किया कि उसने रूस और अवैध रूप से कब्जा किए गए क्रीमिया को जोड़ने वाले केर्च पुल की नींव को नुकसान पहुंचाया जो युद्ध में रूसी सैन्य आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। एसबीयू ने कहा कि उसने रातभर समुद्र तल पर 1,100 किलोग्राम विस्फोटक में धमाका किया जिससे पुल की नींव को नुकसान पहुंचा। इसने कहा कि इस ‘ऑपरेशन’ को अंजाम देने में कई महीने की मेहनत शामिल है। एसबीयू ने कहा कि फरवरी 2022 में रूस के हमले के बाद से यह पुल पर तीसरा यूक्रेनी हमला है।
Home / News / आसमान निहारते रहे पुतिन और यूक्रेन ने समंदर में कर दिया धमाका, 1100 किलो के बम से केर्च पुल को उड़ाया
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website