Saturday , December 27 2025 8:17 AM
Home / News / रूस-यूक्रेन युद्ध के खात्मे के लिए पुतिन ने बताया प्लान, क्या मानेंगे अमेरिका समेत पश्चिमी देश?

रूस-यूक्रेन युद्ध के खात्मे के लिए पुतिन ने बताया प्लान, क्या मानेंगे अमेरिका समेत पश्चिमी देश?


रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन संकट को सुलझाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन संघर्ष के पीछे पश्चिमी देशों का हाथ है। अगर, पश्चिमी देशों को यूक्रेन संघर्ष सुलझाना है तो उन्हें कीव को हथियार देना बंद करना चाहिए। उनके इस प्रस्ताव के चंद मिनटों के अंदर अमेरिका ने यूक्रेन को 325 मिलियन डॉलर के नए डिफेंस पैकेज का ऐलान कर दिया। इससे साबित होता है कि अमेरिका समेत पश्चिमी देश यूक्रेन के खुद हार मानने तक सैन्य सहायता देना जारी रखेंगे। रूस ने पिछले साल 24 फरवरी को यूक्रेन पर आक्रमण किया था। तब से दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है।
पुतिन ने सैन्य संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि दुश्मन किसी भी दिशा में सफल नहीं हुआ। उन्हें भारी नुकसान हुआ है। पुतिन ने बताया कि यूक्रेनी सेना वर्तमान में शाख्त्योर्स्क और वर्मेवका में लगातार हमले कर रही हैं, लेकिन अग्रिम मोर्चों तक पहुंचने में विफल रही हैं। कुल मिलाकर, यूक्रेन चार दिशाओं से हमला कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन बड़े पैमाने पर जवाबी हमला कर रहा है। उन्होंने बताया कि चार जून से यूक्रेनी काउंटर ऑपरेशन के दौरान दुश्मन ने यूक्रेनी सेना ने 160 से अधिक टैंक खो दिए, जबकि हमें 54 टैंक गंवाने पड़े। उनमें से कुछ को मरम्मत कर फिर से इस्तेमाल के योग्य बनाया जा रहा है।
यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई रोकने को कहा – पुतिन ने कहा कि रूस अपने विशेष सैन्य अभियान के जरिए धीरे-धीरे यूक्रेन का असैन्यीकरण करने में लगा हुआ है। अगर पश्चिमी देश संघर्ष को हल करना चाहते हैं तो उन्हें कीव को हथियार देना बंद करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम को यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति बंद करने की जरूरत है, अगर वे जारी संघर्ष को हल करना चाहते हैं। पुतिन ने कहा कि हम समझते हैं कि यूक्रेन में समस्यओं को हल करने की कुंजी उनके पक्ष में हैं। यदि वे वास्तव में चाहते हैं कि आज का संघर्ष बातचीत के माध्यम से समाप्त हो जाए, तो उन्हें केवल एक निर्णय लेने की आवश्यकता है- हथियारों और उपकरणों की आपूर्ति को रोकना, बस इतना ही।