Friday , December 26 2025 5:23 AM
Home / News / ब्रिटेन के शाही परिवार में भाईयों के बीच झगड़ा, प्रिंस विलियम ने की छोटे भाई हैरी से ‘लड़ने’ की तैयारी, जानिए सारा बवाल

ब्रिटेन के शाही परिवार में भाईयों के बीच झगड़ा, प्रिंस विलियम ने की छोटे भाई हैरी से ‘लड़ने’ की तैयारी, जानिए सारा बवाल


साल 2020 में जब प्रिंस हैरी और उनकी पत्‍नी मेगन मर्केल ने शाही ड्यूटीज छोड़ने का फैसला किया तो पूरी दुनिया में हलचल मच गई थी। हैरी और मेगन को ड्यूक एंड डचेज ऑफ ससेक्‍स का टाइटल मिला है। जब से दोनों ब्रिटेन की शाही फैमिली से अलग हुए हैं तब से दोनों लगातार अपने परिवार से जुड़ी शिकायतों को सार्वजनिक तौर पर सबके सामने ला रहे हैं। हैरी और मेगन की निजी जिंदगी पर आधारित एक डॉक्‍यूमेंट्री जल्‍द ही नेटफ्लिक्‍स पर रिलीज होने वाली है। जो ट्रेलर इस डॉक्‍यूमेंट्री का आया है, उसमें साफ नजर आ रहा है कि हैरी और मेगन एक बार फिर शाही परिवार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। लेकिन इस बार हैरी के बड़े भाई प्रिंस विलियम ने तय कर लिया है कि वह इन दोनों की कही हुई हर उस बात को खारिज करने के लिए दुनिया के सामने आएंगे जो सच नहीं होगी। विलियम हो सकता है कि पहली बार हैरी और मेगन से आर-पार की लड़ाई का मन बना चुके हैं।
अब कुछ बर्दाश्‍त नहीं होगा – विलियम और उनकी पत्‍नी केट मिडिलटन इन दिनों अमेरिका के दौरे पर है। कहा जा रहा है कि हैरी और मेगन ने दोनों के इस दौरे को कमजोर करने के मकसद से ही डॉक्‍यूमेंट्री का ट्रेलर रिलीज किया है। प्रिंस विलियम इस बात से भी दुखी हैं कि हैरी और मेगन की वो तस्‍वीर भी ट्रेलर में दिखाई दी है जो बकिघंम पैलेस के अंदर क्लिक की गई थी। विलियम मानते हैं कि ऐसा करके दोनों ने निजता का उल्‍लंघन किया है। विलियम ने तब से ही तय किया है कि अब शाही परिवार कुछ भी बर्दाश्‍त नहीं करेगा।
शांत नहीं बैठेंग विलियम – डेली एक्‍सप्रेस यूके की तरफ से बताया गया है कि शाही परिवार अब शांत बैठने वाला नहीं है। विलियम हर दावे को चुनौती देंगे जो हैरी और मेगन की तरफ से किया जाएगा। केनसिंगटन पैलेस के अधिकारी अब नई रणनीति पर काम कर रहे हैं और वो विलियम को जल्‍द इस बारे में रिपोर्ट करेंगे। विलियम ने अपने करीबियों को कह दिया है कि वह छह एपिसोड वाली इस डॉक्‍यूमेंट्री को बाज की नजर से देखें। इसके बाद किसी भी संदिग्‍ध दावे को लेकर खंडन जारी करें। विलियम ने इसके साथ ही हैरी और उनकी पत्‍नी को बड़ा संदेश दे दिया है।
क्‍यों आई दूरियां – विलियम और हैरी के बीच कभी इतना तनाव नहीं था। हैरी की शादी ने दोनों के बीच काफी तनाव आ गया था। ब्रिटिश अखबार द सन ने लिखा था कि हैरी को लगता है कि विलियम उनकी पत्‍नी मेगन को पसंद नहीं करते हैं और दोनों को अलग करना चाहते हैं। द सन के मुताबिक विलियम ने हैरी को मेगन से शादी से पहले ही फैसले पर दोबारा सोचने की सलाह दी थी। हैरी उस समय अपने भाई की कोई बात नहीं सुनना चाहते थे और तब से ही दोनों में तनाव है। विलियम को लगता था कि हैरी अपने रिश्‍ते में आगे बढ़ने में बहुत जल्‍दबाजी कर रहे हैं।
परिवार से अलग हुए हैरी – जून 2019 में मेगन और हैरी ने आधिकारिक तौर पर उस चैरिटी से अलग होने का फैसला कर लिया जिसे दोनों केट और विलियम के साथ शेयर करते थे। साल 2020 में आई एक फोटोग्राफ ने सब-कुछ खत्‍म कर दिया। महारानी ने साल की शुरुआत में न्‍यू ईयर की फोटो रिलीज की थी। इस फोटो में महारानी अपने बेटे और अब ब्रिटेन के किंग चार्ल्‍स, उनके बेटे प्रिंस विलियम और विलियम के बेटे प्रिंस जॉर्ज के साथ नजर आ रही हैं। जब यह तस्‍वीर सामने आई तो मेगन को लगा कि शाही परिवार में उनकी और उनके पति प्रिंस हैरी की कोई जगह नहीं है। कुछ ही दिनों बाद मेगन और हैरी ने ऐलान किया कि वो दोनों अपना शाही पद छोड़ रहे हैं और साथ ही सीनियर रॉयल ड्यूटीज से अलग हो रहे हैं।