
दक्षिण अफ्रीका के सीमित ओवरों के कप्तान क्विंटन डि कॉक ने कहा कि दिग्गज एबी डि विलियर्स इसी साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकते थे। कोविड-19 महामारी के कारण ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को आईसीसी ने स्थगित कर दिया है। यह प्रतियोगिता अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित की जानी थी लेकिन अब इसे अगले साल तक के लिए टाल दिया गया है।
डि विलियर्स ने 2018 में संन्यास ले लिया था लेकिन उनकी वापसी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। डि कॉक ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘वह निश्चित तौर पर वापसी की राह पर थे। अगर वह फिट होते तो मैं एबी डि विलियर्स को टीम में रखना पसंद करता।’
उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि कोई भी टीम एबी को अपनी टीम में चाहेगी। हम उनकी वापसी के लिए जोर दे रहे थे लेकिन अब देखना होगा कि टी20 वर्ल्ड कप आयोजन कब होता है।’
जनवरी में बिग बैश के दौरान डि विलियर्स ने खुद पुष्टि की थी वह वापसी पर विचार कर रहे हैं। 36 साल के एबी ने करियर में 114 टेस्ट, 228 वनडे और 78 टी20 इंटरनैशनल मैच खेले। उन्होंने टेस्ट करियर में 22 शतकों की बदौलत 8765 रन, वनडे में कुल 9577 रन और टी20 इंटरनैशनल में 1672 रन बनाए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website