
32वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों के रोमांचक एथलेटिक्स मुकाबलों में अब तक 5 स्वर्ण पदकों का फैसला हो चुका है जिसमें इथियोपिया, स्वीडन, चीन, जमैका और पौलेंड के खाते में एक-एक स्वर्ण पदक गया है। रविवार, 1 अगस्त यानी एथलेटिक्स मुकाबलों के तीसरे दिन की सुबह के सत्र का स्वर्ण पदक महिला शॉटपुट (गोलाफेंक) का स्वर्ण पदक मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन चीन की कुंग ली चियाओ के नाम रहा। कुंग ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 20.58 मीटर दूरी तक गोला फेंक स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। 32 साल की कुंग ली चियाओ का ये चौथा ओलंपिक है, और ओलंपिक का तीसरा पदक है। इसके पहले वो 2016 रियो ओलंपिक खेलों में चौथे स्थान पर रही थीं। जबकि लंदन 2012 ओलंपिक खेलों का रजत पदक और बीजिंग 2008 ओलंपिक खेलों का कांस्य पदक जीतकर कामयाबी हासिल की थी। वहीं वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप कुंग के पास पांच पदक हैं जिसमें दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं ।
टोक्यो के महिला शॉटपुट फाइनल में अमेरिका की रैवेन सौंडर्स ने 19.79 मीटर दूरी तक गोला फेंक कर रजत पदक हासिल किया जबकि न्यूज़ीलैंड की मशहूर वैलेरी एडम्स को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। एडम्स ने 19.62 मीटर दूरी तक गोला फेंका।
वहीं एथलेटिक्स का पहला स्वर्ण पदक इथियोपिया के नाम रहा। शुक्रवार को पुरुषों की 10,000 मीटर रेस में सेलेमॉन बेरेगा ने 27 मिनट 43.22 सैकंड का समय लेते हुए अव्वल स्थान हासिल किया। जबकि रजत और कांस्य पदक युगांडा के खाते में गया। वर्ल्ड चैंपियन जोशुआ चेपतेगइ ने 27 मिनट 43.63 सैकंड का समय लेते हुए रजत पदक जीता जबकि जैकब किपलिमो ने 27 मिनट 43.88 सैकंड का समय लेकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
शनिवार शाम को हुए पुरुषों के डिस्कस थ्रो में वर्ल्ड चैंपियन स्वीडन के डेनियल स्टॉल ने 68.90 मीटर दूरी तक डिस्कस फेंक कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दोहा में हुई 2019 की वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड मैडल भी स्टॉल के नाम ही रहा था। स्वीडन के ही सिमोन पैटरसन ने 67.39 मीटर दूरी तक डिस्कस थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं ऑस्ट्रिया के लुकास वेसहैडिंगर तीसरे स्थान पर रहे, उन्होंने 67.07 मीटर दूरी तक डिस्कस फेंका।
एथलेटिक्स के पहले टीम ईवेंट, 4 गुणा 400 मीटर की मिश्रित रेस में पौलेंड ने बाजी मारी। पौलेंड के चारों एथलीटों ने कुल मिलाकर 3 मिनट 9.87 सैकंड में रेस को पूरा किया। इस समय को नए ओलंपिक रिकार्ड के रुप में भी देखा जा रहा है क्योंकि ओलंपिक गेम्स के इतिहास में 4 गुणा 400 मीटर मिश्रित रेस को पहली बार शामिल किया गया है। इस रेस में डोमिनिकन रिपब्लिक ने 3 मिनट 10.21 सैकंड का समय लेते हुए दूसरे और अमेरिकी टीम ने 3 मिनट 10.22 सैकंड का समय लेते हुए तीसरा स्थान हासिल किया । इस रेस में प्रत्येक टीम से दो पुरुष और दो महिला एथलीटों ने हिस्सा लिया।
एथलेटिक्स में इस बार कुल 48 गोल्ड मैडल दांव पर हैं, यानी महिला, पुरुष और मिश्रित ईवेंट्स को मिलाकर कुल 48 गोल्ड मैडल ईवेंट खेले जाएंगे। जिसमें 30 ट्रेक ईवेंट्स, 16 फिल्ड ईवेंट्स और 2 मिक्स्ड ईवेंट्स होंगे।
ओलंपिक खेलों में रविवार 1 अगस्त तक पदक तालिका में 23 स्वर्ण पदकों के साथ चीन पहले नंबर पर है जबकि 20 स्वर्ण पदकों के साथ अमेरिका दूसरे, 17 स्वर्ण पदकों के साथ मेजबान जापान तीसरे नंबर पर है. भारत के खाते में अब तक सिर्फ एक रजत पदक ही गया है जबकि बॉक्सिंग में एक पदक तय हो गया है लेकिन उसका कलर अभी तय नहीं हुआ है.
लेख : विवेक शर्मा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website