Monday , March 16 2026 6:35 PM
Home / Sports / साउथ अफ्रीका ने 11 दिन में लिया न्यूजीलैंड से T20 वर्ल्ड कप का बदला, पहले 91 रन पर समेटा, फिर ऐसे जीता मैच

साउथ अफ्रीका ने 11 दिन में लिया न्यूजीलैंड से T20 वर्ल्ड कप का बदला, पहले 91 रन पर समेटा, फिर ऐसे जीता मैच


आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 पूरा होने के बाद साउथ अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड का दौरा कर रही है, जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैच की रोमांचक टी20 सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी 15 मार्च को माउंट मॉन्गनुई के बे ओवल में खेला गया। इस मैच को साउथ अफ्रीका ने एकतरफा जीत लिया। मेहमान टीम ने कीवियों को 7 विकेट से हरा दिया और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल में मिली हार का बदला ले लिया।
बता दें कि आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पहला सेमीफाइनल मुकाबला न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता में 4 मार्च को खेला गया था। यह मैच न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से अपने नाम कर लिया था। हालांकि अब टी20 सीरीज के पहले मैच में पूरी तरह से साउथ अफ्रीका का दबदबा रहा।
91 रन पर सिमट गई न्यूजीलैंड टीम – सीरीज के पहले टी20 में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। लेकिन उनका यह फैसला बिल्कुल भी सही साबित नहीं हुआ। कीवी टीम 14.3 ओवर में महज 91 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जेम्स नीशम ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी 20 या उससे ज्यादा रन नहीं बना पाया। साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट नकोबानी मोकोएना ने लिए। उनके प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। इसके अलावा दो-दो विकेट गेराल्ड कोएट्जी, ओटनील बार्टमेन और कप्तान केशव महाराज ने लिए।
20 गेंद रहते साउथ अफ्रीका ने चेज किया टारगेट – 92 रन का टारगेट साउथ अफ्रीका ने 20 गेंद और सात विकेट रहते हासिल कर लिया। 16.4 में ही साउथ अफ्रीका ने यह लक्ष्य हासिल कर लिया। कॉनर एस्टरहुइजेन ने साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 45 रन बनाए। वह नाबाद रहे। डियान फॉरेस्टर 16 रन बनाकर नॉट आउट रहे। न्यूजीलैंड के लिए एक-एक विकेट काइल जैमीसन, जकारी फाउल्केस और मिचेल सैंटनर ने लिए। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 मार्च को खेला जाएगा।