Friday , August 8 2025 7:30 AM
Home / News / आज लगने जा रहा सदी का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण, धरती पर छा जाएगा अंधेरा, जानें कहां-कहां दिखेगा ये अद्भुत नजारा

आज लगने जा रहा सदी का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण, धरती पर छा जाएगा अंधेरा, जानें कहां-कहां दिखेगा ये अद्भुत नजारा


खगोलविद और अंतरिक्ष में दिलचस्पी रखने वाले पिछले कई दिनों से जिस दुर्लभ पूर्ण सूर्य ग्रहण का इंतजार कर रहे थे, वो आज सोमवार को लगने जा रहा है। सूर्य ग्रहण के दौरान उत्तरी अटलांटिक से लगे क्षेत्र में कुछ समय के लिए दिन में ही अंधेरा छा जाएगा। साल के पहले और 21वीं सदी के सबसे लंबे सूर्य ग्रहण को बेहद ही खास माना जा रहा है। इस दौरान अंतरिक्ष में 7 मिनट से ज्यादा समय तक अंधेरा रहेगा। उस दौरान हमारे सौर मंडल के कई ग्रह और धूमकेतु नंगी आंखों से देखे जा सकेंगे। इससे पहले 50 साल पहले इतना लंबा सूर्य ग्रहण देखा गया था। सूर्य ग्रहण के लिए अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने खास तैयारी कर रखी है।
सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा अपने पथ पर चलते हुए सूर्य और पृथ्वी की सीध में आ जाता है। इस दौरान चंद्रमा सूर्य को ढंक लेता है और कुछ समय के लिए सूर्य का प्रकाश पृथ्वी पर पहुंचना बंद हो जाता है। इसके चलते पृथ्वी पर दिन के दौरान अंधेरा छा जाता है। यह सूर्योदय और सूर्यास्त की तरह की घटना होती है। पूर्ण सूर्य ग्रहण उस समय होता है जब चंद्रमा पृथ्वी के करीब होता है, जिससे इसका आकार बड़ा दिखाई देता है और यह पूरे सौर डिस्क को ढंक लेता है। सोमवार का सूर्य ग्रहण इसलिए भी सबसे लंबा हो रहा है क्योंकि एक दिन पहले रविवार को चंद्रमा पृथ्वी के सबसे निकटतम बिंदु पर 3.60 लाख किलोमीटर की दूरी पर था।
सूर्य ग्रहण कहां-कहां दिखेगा – अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के मुताबिक, सूर्य ग्रहण का पॉथ ऑफ टौटलिटी 181 किमी चौड़ी होगी जो मेक्सिको से शुरू होगी और अमेरिकी के 15 राज्यों से होते हुए कनाडा तक गुजरेगी। इस क्षेत्र में रहने वाले लोग नंगी आंखों से पूर्ण सूर्य ग्रहण को देख सकेंगे। हालांकि, खगोलविद सूर्य ग्रहण को नंगी आंखों से न देखने की सलाह देते हैं क्योंकि ये आंखों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। इसके अलावा दक्षिणी अमेरिका के उत्तरी छोर से इसका आंशिक अनुभव किया जा सकता है। अमेरिका में सूर्य ग्रहण को टेक्सास, ओकलाहामा, अर्कंसास, मिसौरी, केंटुकी, इलिनॉयस, इंडियाना और न्यू हैंपशायर समेत 15 प्रांतों में देखा जा सकेगा।
भारत में रहने वाले कैसे देखें? – सदी के सबसे लंबे सूर्य ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सकेगा, क्योंकि इस खगोलीय घटना के समय सूर्य उत्तरी अमेरिका महाद्वीप की सीध में होगा और भारत में उस समय रात हो रही होगी। हालांकि, आनलाइन स्ट्रीमिंग एक तरीका है जिससे भारत में रहने वाले लोग भी इसे देख सकते हैं। सूर्य ग्रहण का कई एजेंसियां लाइव प्रसारण करेंगी। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने इसे अपने यूट्यूब चैनल पर प्रसारित करने का फैसला किया है। भारतीय समयानुसार इसे 8 अप्रैल को रात में 10 बजे से 9 अप्रैल की सुबह 1:30 बजे के बीच देखा जा सकता है। लाइव साइंस की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में यह टेक्सास में दोपहर 1:27 मिनट पर शुरू होगा और 3:35 पर समाप्त होगा। अमेरिका में 2 घंटे 8 मिनट तक ग्रहण दिखाई देगा। वहीं, पूरे उत्तर अमेरिका में ग्रहण की अवधि 5:25 मिनट की होगी।