
भारत ने दावा किया है कि वॉशिंगटन खुद तो रूस के साथ व्यापार जारी रखते हुए उसे गलत तरीके से निशाना बना रहा है। अमेरिका के इसी डबल स्टैंडर्ड को लेकर जब ट्रंप से सवाल पूछा गया तो उनकी बोलती बंद हो गई।
रूस से व्यापार को लेकर भारत को लगातार टैरिफ की धमकी देने वाले राष्ट्रपति ट्रंप की बोलती उस समय बंद हो गई जब उनसे अमेरिका के डबल स्टैंडर्ड को लेकर सवाल पूछ लिया गया। ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि अमेरिका रूस से यूरेनियम और उर्वरक आयात करता है। भारत ने अमेरिका के डबल स्टैंडर्ड को लेकर सवाल उठाया था। भारत ने दावा किया कि वॉशिंगटन खुद तो रूस के साथ व्यापार जारी रखते हुए उसे गलत तरीके से निशाना बना रहा है।
मंगलवार को ट्रंप से एक पत्रकार ने यही सवाल पूछ लिया तो उन्होंने कहा, ‘मुझे इसके बारे में कुछ पता नहीं है। मुझे इसकी जांच करनी होगी।’ रूस से व्यापार के लिए भारत को निशाना बनाने वाले डोनाल्ड ट्रंप खुद अपनी सुविधानुसार रूस के साथ ट्रेड कर रहे हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने एक दिन पहले बयान जारी कर अमेरिका और यूरोपीय संघ पर पाखंड का आरोप लगाया था।
भारत ने खोली अमेरिकी पाखंड की पोल – विदेश मंत्रालय ने बताया कि अमेरिकी कंपनियां रूस से परमाणु उद्योग के लिए यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड, इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र के लिए पैलेडियम, उर्वरक और रसायन खरीदना जारी रखे हुए हैं। वहीं, दूसरी तरफ अमेरिका भारत पर रूस से अपने व्यापारिक संबंधों को कम करने के लिए दबाव बना रहा है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस आलोचना का ‘अनुचित और अतार्किक’ बताया। इसने बताया कि भारत की ऊर्जा खरीद आर्थिक जरूरतों के कारण होती है।
विदेश मंत्रालय ने अमेरिका को यह भी याद दिलाया कि वॉशिंगटन ने पहले भी ‘वैश्विक ऊर्जा बाजार की स्थिरता को मजबूत करने के लिए भारत द्वारा इस तरह के आयात को प्रोत्साहित किया था।’ दरअसल, भारत के रूस से तेल खरीद बंद करने से इनकार करने पर डोनाल्ड ट्रंप बौखलाए हुए हैं। उन्होंने अगले 24 घंटे के भीतर भारत के खिलाफ अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की चेतावनी दी है।
भारत को ट्रंप की नई धमकी – मंगलवार को CNBC के साथ एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ‘भारत एक अच्छा व्यापारिक साझेदार नहीं रहा है। वे हमारे साथ बहुत व्यापार करते हैं, लेकिन हम उनके साथ व्यापार नहीं करते। इसलिए हमने 25 प्रतिशत पर समझौता किया, लेकिन मुझे लगता है कि मैं अगले 24 घंटों में इसे काफी बढ़ा दूंगा।, क्योंकि वे रूसी तेल खरीद रहे हैं। वे युद्ध मशीन को ईंधन दे रहे हैं।’
Home / News / अमेरिकी डबल स्टैंडर्ड पर ट्रंप की बोलती बंद, रूस से यूरेनियम और उर्वरक खरीद के भारत के दावे पर बोले- मुझे कुछ नहीं पता
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website