Thursday , August 7 2025 11:38 AM
Home / News / भारतीय छात्र को डिपोर्ट करने का ट्रंप का प्लान फेल, जज ने लगाई रोक, कहा- बिना बताए रद्द किया वीजा

भारतीय छात्र को डिपोर्ट करने का ट्रंप का प्लान फेल, जज ने लगाई रोक, कहा- बिना बताए रद्द किया वीजा


अमेरिका में ट्रंप सरकार ने सैकड़ों छात्रों के स्टूडेंट वीजा रद्द किए हैं। भारतीय छात्र भी सरकार की कार्रवाई का शिकार बने हैं। हालांकि, छात्रों को हाल ही में एक बड़ी जीत हासिल हुई हैं, क्योंकि एक जज ने एक भारतीय छात्र को डिपोर्ट करने से रोक दिया है।
अमेरिका में एक 21 वर्षीय भारतीय छात्र डिपोर्ट किया जा रहा था, लेकिन अब सरकार को ऐसा करने से रोक दिया गया है। अमेरिका के एक जज ने भारतीय छात्र के डिपोर्टेशन पर रोक लगा दी है, जो विस्कॉन्सिन-मैडिसन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है। जज विलियम कॉनले ने 15 अप्रैल को ये फैसला सुनाया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार लगातार विदेशी छात्रों का वीजा रद्द कर रही है और अब उसे कोर्ट ने झटका देते हुए ऐसा करने से रोक दिया है।
जज के आदेश के अनुसार, डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी, कृष लाल इस्सरदासानी को गिरफ्तार या डिपोर्ट नहीं कर सकता है। उसका F-1 स्टूडेंट वीजा भी रद्द नहीं किया जा सकता है। कृष कंप्यूटर इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर का छात्र है। वह मई की शुरुआत में ग्रेजुएट भी होने वाला है। यहां हैरानी वाली बात ये है कि अमेरिका में इन दिनों छोटे-मोटे अपराधों के लिए भी छात्रों का वीजा रद्द किया जा रहा है। साथ ही उन्हें डिपोर्ट किया जा रहा है। ऐसा ही कुछ कृष के साथ भी करने की तैयारी थी।