Tuesday , February 10 2026 4:42 AM
Home / Sports / विंसी प्रीमियर टी10 लीग: एक ही मैच में 2 रेकॉर्ड, ग्रेनेडाइन्स डाइवर्स का सर्वाधिक टीम स्कोर, हूपर ने जड़ा पहला पचासा

विंसी प्रीमियर टी10 लीग: एक ही मैच में 2 रेकॉर्ड, ग्रेनेडाइन्स डाइवर्स का सर्वाधिक टीम स्कोर, हूपर ने जड़ा पहला पचासा


वेस्ट इंडीज में खेली जा रही विंसी प्रीमियर लीग में ग्रेनेडाइन्स डाइवर्स ने फोर्ट चार्लोट स्ट्राइकर्स के खिलाफ मुकाबले में रविवार को 22 रन से शानदार जीत दर्ज की। 10 ओवर की इस लीग के एक ही मुकाबले में दो रेकॉर्ड बने।
किंग्सटाउन में खेले गए इस मुकाबले में जहां ग्रेनेडाइन्स टीम ने सबसे ज्यादा रनों का रेकॉर्ड बनाया तो वहीं, आसिफ हूपर लीग में अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इतना ही नहीं, मुकाबले में 2 बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए।
डाइवर्स की 22 रन से जीत
ग्रेनेडाइन्स डाइवर्स ने आसिफ हूपर (59*) की फिफ्टी की बदौलत 10 ओवर में 3 विकेट पर 114 रन का बड़ा स्कोर बनाया। यह लीग का अब तक का सर्वाधिक टीम स्कोर है। इसके बाद फोर्ट चार्लोट टीम 6 विकेट पर 92 रन ही बना सकी और 22 रन से मुकाबला हार गई। रेजिन ब्राउन ने 2 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट झटके।
हूपर ने बनाया रेकॉर्ड
आसिफ हूपर 10 ओवर की इस लीग में अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने ग्रेनेडाइन्स डाइवर्स टीम से खेलते हुए नाबाद 59 रनों की शानदार पारी खेली। हूपर ने 36 गेंदों की अपनी नाबाद पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए।
पोप का भी अर्धशतक
इतिहासफोर्ट चार्लोट टीम भले ही मुकाबला हार गई लेकिन उसके ओपनर गिडरोन पोप ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने 30 गेंदों की अपनी तूफानी पारी में 8 छक्के लगाए और 59 रन का योगदान दिया लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके टीम के 87 के स्कोर पर आउट हो गए। वह मैच और लीग में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिहाज से यह काफी छोटा टूर्नमेंट है लेकिन कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के कारण दुनिया भर में खेलों के निलंबित होने के बाद टेस्ट खेलने वाले देशों में आयोजित होने वाला यह पहला टूर्नमेंट है।
दर्शकों के बिना हो रही टी10 लीग
सेंट विनसेंट की शुरुआत में दर्शकों को स्टेडियम में आने की स्वीकृति दिए जाने की उम्मीद थी क्योंकि यहां सिर्फ 18 मामले सामने आने के कारण यहां कोरोना वायरस संक्रमण फैलने का खतरा काफी कम है लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
पहले 500 दर्शकों को लाने की थी योजना
सेंट विनसेंट एवं ग्रेनेडियन्स क्रिकेट संघ (SVGCA) के अध्यक्ष किशोर शैलो ने कहा, ‘एसवीजीसीए स्टेडियम में सीमित दर्शकों के विकल्प को प्राथमिकता देता, अधिकतम 300 या 500।’ उन्होंने कहा, ‘हालांकि विशेषज्ञों ने चिंता जताई और सलाह दी कि दर्शकों को स्वीकृति देने से पहले हमें खिलाड़ियों के प्रबंधन को नियमित करने का प्रयास करना चाहिए।’
सैनेटाइजेशन का है पूरा ख्याल
स्थानीय दर्शकों को 31 मई तक चलने वाले इस टूर्नमेंट में घरेलू स्टार सुनील अंबरीश जैसे खिलाड़ी खेलते हुए दिखेंगे। अंबरीश टूर्नमेंट के छह मार्की खिलाड़ियों में से एक हैं।
मौजूदा हालात में क्रिकेट ऐसे ही संभव
किशोर ने कहा, ‘हां, मैं हताशा को समझ सकता हूं लेकिन मैं सराहना करता हूं कि स्वास्थ्य अधिकारियों की प्राथमिकता है कि अभी सामाजिक रूप से लोगों के एकत्रित होने को बढ़ावा नहीं दिया जाए।’ उन्होंने कहा, ‘आखिर हमारी सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है।’स्रोत: भाषा
डाइवर्स को पहले ही मैच में मिली थी हार
ग्रेनेडाइन्स डाइवर्स को इससे पूर्व लीग के अपने पहले मुकाबले में साल्ट पोंड ब्रेकर्स के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी थी। तब यह टीम 68 रन पर ऑलआउट हो गई थी जबकि साल्ट टीम ने 4 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और 3 विकेट से जीत दर्ज की थी।
गार्डन्स रेंजर्स ने डार्क व्यू टीम को दी मात
दिन के पहले मुकाबले में बोटानिकल गार्डन्स रेंजर्स ने डार्क व्यू एक्सप्लोरर्स को 16 रन से हराया। गार्डन्स रेंजर्स टीन ने 10 ओवर में 4 विकेट पर 104 रन बनाए जबकि डार्क व्यू टीम 5 विकेट खोकर 88 रन ही बना सकी।