Thursday , February 19 2026 10:11 PM
Home / Sports / अरे यह क्या? मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर बैटिंग करने आ गए थे अभिषेक शर्मा, DSP भी डक से नहीं बचा पाए

अरे यह क्या? मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर बैटिंग करने आ गए थे अभिषेक शर्मा, DSP भी डक से नहीं बचा पाए


आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 36वां मुकाबला भारत और नीदरलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। यह मैच भारत ने 17 रन से जीत लिया। इसी के साथ अब बिना कोई मैच हारे भारत सुपर 8 में पहुंच गया है। हालांकि नीदरलैंड के खिलाफ भी भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला खामोश रहा।
लगातार तीसरे मैच में अभिषेक बिना खाता खोले ही डक पर आउट हो गए। उनको आर्यन दत्त ने पहले ओवर में ही क्लीन बोल्ड कर दिया। हालांकि अभिषेक जब बल्लेबाजी करने आए थे तो वह अपनी नहीं बल्कि मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर आए थे।
विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा नीदरलैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करने के लिए मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर आए थे। हालांकि डीएसपी मोहम्मद सिराज की जर्सी भी उनका खाता नहीं खुलवा पाई। अभिषेक के लिए इस वक्त एक रन बनाना मुश्किल हो गया है। वह खाता ही नहीं खोल पा रहे हैं। यह वही अभिषेक हैं जो अपनी पारी का आगाज बाउंड्री लगाकर करते थे। बता दें कि मोहम्मद सिराज को 2024 में तेलंगाना में डीएसपी नियुक्त किया गया था। उसके बाद से उनको लोग डीएसपी मोहम्मद सिराज कहने लगे हैं।
कुछ ऐसा रहा भारत और नीदरलैंड्स का मैच – भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था। ऐसे में उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 193 रन 20 ओवर में बना दिए थे। शिवम दुबे ने भारत के लिए 66 रन की तूफानी पारी खेली। सूर्यकुमार यादव (34), तिलक वर्मा (31) और हार्दिक पंड्या (30) ने भी बल्ले से अच्छा योगदान दिया। नीदरलैंड्स के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट लोगन वैन बीक ने लिए।
194 रन के टारगेट का पीछा करते हुए नीदरलैंड 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन ही बना पाया। उनके लिए किसी बल्लेबाज ने फिफ्टी नहीं जड़ी। बास डे लीड ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती रहे, जिन्होंने तीन विकेट लिए। दो विकेट शिवम दुबे को भी मिले।